(सुमन रे)
नयी दिल्ली, 17 जून (भाषा) भारत के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरूद्दीन ने टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम से शुभमन गिल की गैरमौजूदगी के अलावा भारतीय टीम में सरफराज खान और आकिब नबी को नहीं चुने जाने पर सवाल उठाए।
अजहरूद्दीन ने कहा कि टेस्ट और एकदिवसीय में कप्तानी की भूमिका ‘काफी अच्छी तरह’ निभाने वाले गिल को किसी प्रारूप से बाहर नहीं किया जाना चाहिए।
टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के उप कप्तान रहे गिल को इस साल टी20 विश्व कप से पहले भारतीय टीम से बाहर कर दिया गया था।
अजहरूद्दीन ने बुधवार को ‘पीटीआई’ को दिए विशेष साक्षात्कार में कहा, ‘‘गिल यह काम (टीम की कप्तानी) काफी अच्छी तरह कर रहा है। उसके व्यक्तिगत प्रदर्शन में काफी सुधार हुआ है। वह सबसे अच्छे खिलाड़ियों में से एक है। मुझे नहीं पता कि उन्होंने उसे टी20 में क्यों नहीं चुना।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वह सभी प्रारूपों के लिए काफी अच्छा खिलाड़ी है और उसे कभी किसी प्रारूप से बाहर नहीं किया जाना चाहिए।’’
अजहरूद्दीन ने कहा कि सरफराज और नबी दोनों को ही घरेलू क्रिकेट में उनके अच्छे प्रदर्शन का इनाम नहीं मिला है।
उन्होंने कहा, ‘‘आकिब नबी लाल गेंद के क्रिकेट के बेहतरीन गेंदबाज हैं। वह स्विंग गेंदबाजी में माहिर हैं। मुझे उनके लिए बहुत बुरा लगता है। पिछले लगभग दो वर्षों में लगातार विकेट लेने (रणजी ट्रॉफी में 2024-25 में 44 विकेट और 2025-26 में 60 विकेट) के बावजूद नबी को टेस्ट टीम में जगह नहीं मिली है। यह बहुत निराशाजनक है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इन लड़कों ने घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। हर कोई कहता है कि हमें घरेलू क्रिकेट खेलना चाहिए लेकिन घरेलू क्रिकेट खेलने का क्या फायदा जब उनके प्रदर्शन को पहचाना ही न जाए?’’
अजहररूद्दीन ने कहा, ‘‘क्या फायदा… जब उनकी उम्र निकल जाती है तब आप उन्हें खेलने का मौका देते हैं। नबी बहुत अच्छे टी20 गेंदबाज नहीं हैं इसलिए आपको यह समझना और पहचानना होगा कि वे टेस्ट क्रिकेट के लिए अच्छे हैं।’’
अजहरूद्दीन ने कहा कि भारत को और अधिक टेस्ट क्रिकेट खेलने की जरूरत है।
उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें बहुत सारे मैच खेलने की जरूरत है क्योंकि टेस्ट क्रिकेट के बिना क्रिकेट अधूरा है। यह कई मायनों में एक परीक्षा है। हालात, पिच… ये सभी चीजें बदलती रहती हैं और इसीलिए इसे टेस्ट क्रिकेट कहा जाता है।’’
इस पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि बोर्ड अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहा है लेकिन हमें कई दिनों तक चलने वाले मुकाबलों को और बढ़ावा देना होगा।’’
अजहरूद्दीन ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारतीय कप्तानी की भूमिका में श्रेयस अय्यर के और बेहतर होने की उम्मीद जताई।
उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है और उन्हें यह मौका सही मायने में मिला है। वह एक अच्छे कप्तान बन सकते हैं। उनके पास क्रिकेट की बहुत अच्छी समझ है और मुझे यकीन है कि समय के साथ वह एक बहुत अच्छे खिलाड़ी भी बनेंगे।’’
हालांकि अजहरूद्दीन भारतीय चयनकर्ताओं के उस फैसले से सहमत थे जिसमें सूर्यकुमार यादव को कप्तानी और टीम दोनों से हटा दिया गया था, भले ही टीम ने उनकी अगुआई में रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 विश्व कप जीता हो।
उन्होंने कहा, ‘‘आपको लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा क्योंकि प्रदर्शन बहुत मायने रखता है। आजकल बहुत सारे युवा खिलाड़ी आ रहे हैं और आप पुराने प्रदर्शन के भरोसे नहीं रह सकते। आपको हर बार अच्छा प्रदर्शन करते रहना होगा।’’
अजहरूद्दीन ने कहा कि रोहित शर्मा और विराट कोहली के मामले में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला हमेशा उनका अपना होना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘यह बहुत ही निजी मामला है क्योंकि खिलाड़ियों को ही तय करना होता है कि कब संन्यास लेना है या उन्हें कब लगता है कि बस बहुत हो गया। लेकिन दोनों ही बहुत प्रतिभावान हैं और उन्होंने देश के लिए बहुत कुछ किया है। एक खिलाड़ी को अच्छी तरह पता होता है कि उसके शरीर में क्या हो रहा है, उसकी मानसिक मजबूती कैसी है और उसके प्रदर्शन पर क्या असर पड़ रहा है। इन दोनों खिलाड़ियों ने देश की बहुत सेवा की है और उनका सम्मान किया जाना चाहिए।’’
भाषा सुधीर नमिता
नमिता