बालाजी और डेमोलिनर की जोड़ी फ्रेंच ओपन से बाहर

बालाजी और डेमोलिनर की जोड़ी फ्रेंच ओपन से बाहर

बालाजी और डेमोलिनर की जोड़ी फ्रेंच ओपन से बाहर
Modified Date: June 3, 2026 / 06:28 pm IST
Published Date: June 3, 2026 6:28 pm IST

पेरिस, तीन जून (भाषा) भारतीय टेनिस खिलाड़ी एन श्रीराम बालाजी और ब्राजील के उनके जोड़ीदार मार्सेलो डेमोलिनर का फ्रेंच ओपन पुरुष युगल में शानदार प्रदर्शन क्वार्टर फाइनल में हैरी हेलियोवारा और हेनरी पैटन की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी से सीधे सेटों में हार के साथ खत्म हो गया।

बालाजी और डेमोलिनर की जोड़ी एक घंटे 17 मिनट तक चले मुकाबले में 3-6, 4-6 से हार गई।

हार के बावजूद बालाजी और डेमोलिनर की जोड़ी के लिए टूर्नामेंट में प्रदर्शन यादगार रहेगा क्योंकि वे तीसरे दौर में जर्मनी के केविन क्राविएट्ज और टिम पुट्ज की छठी वरीयता प्राप्त जोड़ी को 7-5, 6-4 से हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचे थे।

बालाजी के लिए क्वार्टर फाइनल में पहुंचना उनके करियर के सबसे अच्छे ग्रैंड स्लैम प्रदर्शनों में से एक है और युगल सर्किट में उनके लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

अर्णव पापरकर लड़कों के एकल के तीसरे दौर में हार गए जबकि माया राजेश्वरन रेवती लड़कियों के एकल के दूसरे दौर में पराजित हो गईं।

लड़कों के युगल में पापरकर की चुनौती अभी बरकरार है। वह थाईलैंड के अपने जोड़ीदार कुनानन पेंटारेटॉर्न के साथ ब्राजील के लुइस गुटो मिगुएल और स्लोवेनिया के जिागा सेस्को की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी से भिड़ेंगे।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में