बार्टलेट ने तीन गेंद में दो विकेट चटकाए, बारिश के कारण नाइट राइडर्स-पंजाब किंग्स मैच रुका

बार्टलेट ने तीन गेंद में दो विकेट चटकाए, बारिश के कारण नाइट राइडर्स-पंजाब किंग्स मैच रुका

बार्टलेट ने तीन गेंद में दो विकेट चटकाए, बारिश के कारण नाइट राइडर्स-पंजाब किंग्स मैच रुका
Modified Date: April 6, 2026 / 09:33 pm IST
Published Date: April 6, 2026 9:33 pm IST

कोलकाता, छह अप्रैल (भाषा) कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के बीच इंडियन प्रीमियर लीग मैच सोमवार को यहां बारिश के कारण रुक गया जब मेजबान टीम 3.4 ओवर में दो विकेट पर 25 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी।

हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई जो बाद में तेज बारिश में बदल गई।

मौजूदा सत्र में पहली जीत की तलाश में जुटे नाइट राइडर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन उन्हें शुरुआत में ही बड़ा झटका लगा जब जेवियर बार्टलेट ने दूसरे ओवर में दो विकेट झटक लिए।

बार्टलेट ने सलामी बल्लेबाज फिन एलेन (06) और कैमरन ग्रीन (04) को तीन गेंद के भीतर आउट करके नाइट राइडर्स को दोहरा झटका दिया। दोनों ही बल्लेबाजों ने विकेटकीपर प्रभसिमरन सिंह को कैच थमाए।

ग्रीन 25.20 करोड़ रुपये की कीमत के साथ सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी हैं लेकिन उनका खराब प्रदर्शन जारी रहा। इससे पहले उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 18 और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ दो रन बनाए थे। नाइट राइडर्स की टीम अपने शुरुआती दो मैच गंवा चुकी है।

बारिश के कारण जब खेल रोका गया तब कप्तान अजिंक्य रहाणे आठ जबकि युवा विकेटकीपर बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी सात रन बनाकर खेल रहे थे।

मैच के लिए बॉलीवुड सुपरस्टार और नाइट राइडर्स के सह मालिक शाहरुख खान भी दर्शकों के बीच मौजूद हैं। वह इस सत्र में पहली बार मैच देखने आए थे।

संयोग से पिछले सत्र में भी ईडन गार्डन्स में नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के बीच हुआ मैच (26 अप्रैल को) बारिश की वजह से प्रभावित हुआ था और दोनों टीम को एक-एक अंक बांटना पड़ा था। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाले पंजाब किंग्स ने चार विकेट पर 201 रन बनाए थे जिसके बाद नाइट राइडर्स ने जब बिना कोई विकेट खोए सात रन बनाए थे तो बारिश आ गई और मैच रद्द हो गया।

अगर मैच बारिश की वजह से रद्द हो जाता है तो नाइट राइडर्स को बिना कोई मैच जीते भी अपना खाता खोलने का मौका मिल जाएगा क्योंकि उसे एक अंक मिलेगा।

भाषा सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में