सिंधू जापान ओपन के दूसरे दौर में, ध्रुव-तनीशा भी आगे बढ़े

सिंधू जापान ओपन के दूसरे दौर में, ध्रुव-तनीशा भी आगे बढ़े

सिंधू जापान ओपन के दूसरे दौर में, ध्रुव-तनीशा भी आगे बढ़े
Modified Date: July 14, 2026 / 12:16 pm IST
Published Date: July 14, 2026 12:16 pm IST

तोक्यो, 14 जुलाई (भाषा) दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने मंगलवार को यहां मलेशिया की वोंग लिंग चिंग पर सीधे गेम में जीत दर्ज करके जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल के दूसरे दौर में जगह बनाई।

विश्व रैंकिंग में नंबर 10 पर काबिज सिंधू ने अपने सहज खेल का प्रदर्शन करते हुए पहले दौर में विश्व रैंकिंग में नंबर 37 पर काबिज वोंग को 21-14 21-11 से हराया।

भारत के ध्रुव कपिला और तनीशा क्रास्टो ने भी अपने मिश्रित युगल मुकाबले में स्कॉटलैंड के एलेक्जेंडर डन और जूली मैकफर्सन को 21-16, 21-14 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।

हालांकि रोहन कपूर और रुत्विका शिवानी गड्डे पहले ही दौर में शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन के फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग से 11-21, 10-21 से हारने के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

सिंधू ने शुरुआत से ही खेल पर अपना दबदबा बनाए रखा और रैलियों की गति को नियंत्रित करते हुए 7-4 की बढ़त हासिल कर ली। हालांकि वोंग ने संघर्ष जारी रखने की कोशिश की, लेकिन उनकी गलतियों ने भारतीय खिलाड़ी को लगातार आगे बढ़ने का मौका दिया। सिंधू ने इंटरवल तक 11-6 की बढ़त बना ली।

भारतीय खिलाड़ी रैलियों में सहज दिख रही थीं और उन्होंने अपने स्ट्रोक्स को प्रभावी ढंग से लगाकर अपनी बढ़त को 14-9 तक पहुंचा दिया। उनके बैकहैंड नेट ड्रिबल, ड्रॉप शॉट और हाफ-स्मैश सटीक रहे।

एक सीधे शॉट से सिंधू को सात गेम प्वाइंट मिले, और उन्होंने दूसरे पर पहला गेम अपने नाम कर लिया।

सिंधू ने दूसरे गेम में भी शुरू से आक्रामक रवैया अपनाया और मलेशिया की खिलाड़ी को कोई मौका नहीं दिया। भारतीय खिलाड़ी ने जल्द ही 8-2 की बढ़त हासिल कर ली। सिंधू इंटरवल तक 11-3 से आगे थी।

इसके बाद भी उन्होंने बड़ा अंतर बनाए रखा और फिर 10 मैच प्वाइंट हासिल किए। भारतीय खिलाड़ी ने दूसरे मैच प्वाइंट पर मैच अपने नाम कर दिया।

भाषा

पंत सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में