टीम का उप-कप्तान होने से आप पर एक अतिरिक्त जिम्मेदारी आ जाती है: जितेश
टीम का उप-कप्तान होने से आप पर एक अतिरिक्त जिम्मेदारी आ जाती है: जितेश
बेंगलुरु, चार अप्रैल (भाषा) विकेटकीपर-बल्लेबाज जितेश शर्मा ने शनिवार को कहा कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का उप-कप्तान बनने और नेतृत्व का अनुभव मिलने से उनका खेल और बेहतर हो गया है।
जितेश ने आरसीबी के 2025 में पहला आईपीएल खिताब जीतने में अहम भूमिका निभाई थी।
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ यहां होने वाले मैच की पूर्व संध्या पर जितेश ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि जब भी आपको कोई जिम्मेदारी मिलती है तो आप शुक्रगुजार होते हैं और खुद को सौभाग्यशाली महसूस करते हैं। मैं अपनी टीम को कुछ देने के लिए अतिरिक्त प्रयास करता हूं कि किस तरह योगदान दे सकता हूं। ’’
उन्होंने आगे कहा, ‘‘मुझे लगता है कि जब आप टीम के उप-कप्तान होते हैं तो यह आप पर एक अतिरिक्त जिम्मेदारी डाल देता है। ’’
जितेश ने कहा, ‘‘मैं तेज गेंदबाजों के खिलाफ सुधार करने पर काम कर रहा हूं। मुझे लगता है कि एक खिलाड़ी के तौर पर हमेशा सुधार की गुंजाइश रहती है। इस दुनिया में कोई भी परफेक्ट नहीं होता। मुझे लगता है कि हर सफल खिलाड़ी के लिए सुधार करना अहम है। ’’
बत्तीस साल के इस खिलाड़ी ने कहा कि गत चैंपियन होने से आरसीबी की सोच में कोई बदलाव नहीं आया है क्योंकि टीम पिछले साल जैसी ही भूख के साथ मैदान में उतर रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे निदेशक मो बोबाट ने साफ कहा है कि हम खिताब का बचाव नहीं कर रहे हैं। हम खिताब का पीछा कर रहे हैं। हम पिछले साल की तरह ही भूखे हैं। बहुत से लोग भूल गए हैं कि हम चैंपियन हैं। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह एक नया सत्र है। हमें एक नए खेल की शुरुआत करनी है और एक समय में एक ही मैच पर ध्यान देना है। लेकिन हमारे अंदर यह आत्मविश्वास है कि हमने कुछ हासिल किया है। उसी आत्मविश्वास के साथ हम बस आगे बढ़ रहे हैं। ’’
भाषा
नमिता मोना
मोना

Facebook


