बेहद आक्रामक टी20 दौर में टिके रहने के लिए गेंदबाजों को नए तरीके अपनाने होंगे: शेन बॉन्ड

Ads

बेहद आक्रामक टी20 दौर में टिके रहने के लिए गेंदबाजों को नए तरीके अपनाने होंगे: शेन बॉन्ड

  •  
  • Publish Date - May 10, 2026 / 01:02 PM IST,
    Updated On - May 10, 2026 / 01:02 PM IST

जयपुर, 10 मई (भाषा) न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज शेन बॉन्ड का मानना ​​है कि टी20 क्रिकेट में लगातार बेहद आक्रामक होती जा रही बल्लेबाजी के साथ तालमेल बैठाने के लिए गेंदबाजों को खुद को बदलना होगा और नए तरीके अपनाने होंगे। उनका मानना है कि जो गेंदबाज अपने कौशल को सफलतापूर्वक निखार पाते हैं वे इस प्रारूप में ‘सुपरस्टार’ बन सकते हैं।

मौजूदा सत्र में राजस्थान रॉयल्स की गेंदबाजी की मुश्किलें शनिवार को भी जारी रहीं जब गुजरात टाइटंस के खिलाफ उन्हें 77 रन की करारी हार का सामना करना पड़ा और इस दौरान उन्होंने 229 रन लुटा दिए। यह 11 मैच में सातवीं बार था जब रॉयल्स ने विरोधी टीम को 200 रन का आंकड़ा पार करने दिया।

रॉयल्स के गेंदबाजी कोच बॉन्ड ने माना कि उनकी टीम जानी-पहचानी परिस्थितियों के हिसाब से खुद को अच्छी तरह ढालने में नाकाम रही है।

मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में बॉन्ड ने कहा, ‘‘हम उन परिस्थितियों में भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए जिन्हें हम जानते हैं। विरोधी टीम ने हमें पूरी तरह से पछाड़ दिया। जब मैं गेंदबाजों को देखता हूं तो मुझे लगता है कि उन्हें और बेहतर प्रदर्शन करना होगा, है ना? आपको हटकर कुछ अलग सोचना होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दो बातें अहम हैं: फैसले लेना और उन्हें सही तरीके से लागू करना। मुझे लगता है कि आज रात आपने शायद यह गौर किया होगा कि गेंदबाजों का प्रदर्शन लंबे समय तक एक जैसा और निरंतर नहीं रहा। और मुझे लगता है कि अगर आप पूरे आईपीएल पर नजर डालें तो हर जगह लगभग यही स्थिति देखने को मिली है।’’

आईपीएल में बल्लेबाजी के स्तर और रन बनाने की गति में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए बॉन्ड ने कहा कि गेंदबाजों को अपनी रणनीति पर फिर से विचार करना होगा और उन्हें परिस्थितियों के हिसाब से खुद को और बेहतर ढालना सीखना होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘बल्लेबाज बेहद आक्रामक अंदाज में खेल रहे हैं और गेंदबाजों पर दबाव बना रहे हैं। ऐसे में एक गेंदबाज के तौर पर आपको खुद से यह सवाल पूछना होगा कि ‘मैं ऐसा क्या अलग कर सकता हूं जिससे स्थिति मेरे पक्ष में हो जाए’?’’

बॉन्ड ने कहा, ‘‘उन्हें टीम के विश्लेषकों के साथ अधिक समय बिताना होगा जिससे कि उन्हें ठीक-ठीक पता चल सके कि कौन सा बल्लेबाज किस तरह के शॉट खेलने वाला है और वे मैदान के किन हिस्सों में अधिक रन बनाने की कोशिश करेंगे।’’

आईपीएल के मौजूदा सत्र में टीमें 200 से अधिक रनों के लक्ष्य को भी काफी आसानी से हासिल करती हुई नजर आ रही हैं।

बॉन्ड ने बताया कि कैसे बल्लेबाजों ने रन बनाने के अपने तरीकों का दायरा बढ़ाया है जिससे गेंदबाजों को भी उसी गति से खुद को बदलने पर मजबूर होना पड़ा है।

उन्होंने कहा, ‘‘अब आप बल्लेबाजों को देखिए। वे अपरकट खेल रहे हैं, वे रिवर्स शॉट लगा रहे हैं, वे स्कूप शॉट खेल रहे हैं। उन्होंने कई तरह के शॉट इजाद कर लिए हैं।’’

बॉन्ड ने कहा, ‘‘इसलिए एक गेंदबाज को भी अपने हुनर ​​का दायरा बढ़ाना होगा। मुझे लगता है कि किसी भी गेंदबाज के लिए यह एक शानदार मौका है कि वह सोचे कि ‘अगर मैं ऐसा कर सकता हूं तो मैं खुद को एक ऊंचे मुकाम पर पहुंचा सकता हूं, आप जानते हैं, बहुत सारा पैसा कमा सकता हूं और एक सुपरस्टार बन सकता हूं’।’’

भाषा सुधीर

सुधीर