कैंडिडेट्स शतरंज : प्रज्ञानानंदा को हर हालत में जीत की जरूरत
कैंडिडेट्स शतरंज : प्रज्ञानानंदा को हर हालत में जीत की जरूरत
पाफोस (साइप्रस), छह अप्रैल (भाषा) भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के आठवें दौर में मंगलवार को नीदरलैंड के अनीश गिरि से खेलेंगे तो उन्हें टूर्नामेंट में बने रहने के लिये हर हालत में जीत दर्ज करनी होगी ।
चेन्नई के 20 वर्ष के प्रज्ञानानंदा इस समय सात दौर के बाद 3.5 अंक लेकर गिरि के साथ तीसरे स्थान पर हैं । अब टूर्नामेंट के सात दौर के मुकाबले बचे हैं ।
पहले मुकाबले में गिरि को हराने के बाद प्रज्ञानानंदा दूसरी जीत दर्ज नहीं कर पाये हैं । उन्हें शीर्ष पर काबिज उजबेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव ने हराया जबकि पांच मुकाबले ड्रॉ रहे ।
सिंदारोव छह अंक लेकर शीर्ष पर हैं जबकि अमेरिका के फेबियानो कारूआना उनसे 1.5 अंक पीछे दूसरे स्थान पर हैं । चीन के वेइ यि और जर्मनी के मथियास ब्लूबाम संयुक्त पांचवें स्थान पर हैं जबकि हिकारू नकामूरा उनसे आधा अंक पीछे हैं ।
इस टूर्नामेंट के जरिये मौजूदा विश्व चैम्पियन डी गुकेश के चैलेंजर तय होगा ।
महिला वर्ग में यूक्रेन की अन्ना मुजिचुक शीर्ष पर हैं । प्रज्ञानानंदा की बहन आर वैशाली चार अंक लेकर दूसरे स्थान पर हैं जबकि दिव्या देशमुख उनसे आधा अंक पीछे हैं ।
वैशाली को अब कजाखस्तान की बिबिसारा असायुबायेवा से खेलना है । वहीं दिव्या मुसिचुक से खेलेंगी ।
भाषा मोना सुधीर
सुधीर

Facebook


