प्राइया (केप वर्दे), 16 जून (एपी) विश्व कप में ऐतिहासिक पदार्पण करके यूरोपीय चैम्पियन स्पेन को ड्रॉ पर रोकने के बाद केप वर्दे में टीम के प्रशंसक देर रात तक जश्न में डूबे रहे ।
पांच लाख की आबादी वाले छोटे से देश ने विश्व कप में सोमवार को पदार्पण किया और सभी को चौंकाते हुए स्पेन जैसे दिग्गज को गोलरहित ड्रॉ पर रोक दिया ।
राजधानी प्राइया में फुटबॉलप्रेमी सड़कों पर उमड़ पड़े और देर रात तक नाचते गाते रहे । लोगों ने एक दूसरे को गले लगाकर बधाई दी और आंखों में खुशी के आंसुओं को रोक नहीं सके । लोग खंभों पर चढकर जश्न का मजा लेते रहे ।
एक प्रशंसक विलियम गोम्स ने कहा ,‘‘ मैने सोचा नहीं था कि हम स्पेन जैसी टीम को ड्रॉ पर रोक देंगे । गोलकीपर वोजिन्हा को धन्यवाद जो हमारी टीम का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी है ।’’
केप वर्दे टीम भले ही जीत नहीं सकी हो लेकिन उसके प्रदर्शन ने उन आलोचकों का मुंह बंद कर दिया जो कह रहे थे कि इस साल 32 की बजाय 48 टीमें होने से टूर्नामेंट कमजोर हो जायेगा ।
आबादी के हिसाब से पांच लाख की आबादी वाला अफ्रीका के पश्चिमी तट पर स्थित यह देश विश्व कप के लिये क्वालीफाई करने वाला तीसरा सबसे छोटा देश है ।
एक अन्य प्रशंसक ब्लादीमिर गार्शिया ने कहा ,‘‘ केप वर्दे छोटा देश है लेकिन आज बड़ा और अहम लग रहा है । मेरे पास अपने जज्बात जाहिर करने के लिये शब्द नहीं है ।’’
केप वर्दे की सरकार ने सोमवार को हाफ डे घोषित कर दिया था ताकि लोग मैच देख सके ।
कभी पुर्तगाल के गुलाम रहे इस देश के राष्ट्रपति जोस मारिया नेवेस ने सोशल मीडिया पर कहा ,‘‘ हम आज 50 साल बाद विश्व कप खेल रहे हैं तो हम साबित कर चुके हैं कि हम कितने सक्षम देश हैं । अगले 50 साल में हमें आधुनिक और समृद्ध देश बनना है जिसमें सभी के लिये समान अवसर हों ।’’
एपी
मोना
मोना