चैंपियंस लीग में गोल वर्षा: पीएसजी ने सेमीफाइनल का पहला चरण 5-4 से जीता

चैंपियंस लीग में गोल वर्षा: पीएसजी ने सेमीफाइनल का पहला चरण 5-4 से जीता

चैंपियंस लीग में गोल वर्षा: पीएसजी ने सेमीफाइनल का पहला चरण 5-4 से जीता
Modified Date: April 29, 2026 / 09:58 am IST
Published Date: April 29, 2026 9:58 am IST

पेरिस, 29 अप्रैल (एपी) मौजूदा चैंपियन पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) ने शुरू में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करके चैंपियंस लीग फुटबाल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल के पहले चरण में बायर्न म्यूनिख पर 5-4 से रोमांचक जीत हासिल की।

चैंपियंस लीग के किसी सेमीफाइनल मुकाबले में यह सर्वाधिक गोल का नया रिकॉर्ड है। सेमीफाइनल का दूसरा चरण अगले सप्ताह खेला जाएगा।

बायर्न की तरफ से हैरी केन ने 17वें मिनट में पेनल्टी पर गोल करके अपनी टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई, लेकिन पीएसजी ने दूसरे हाफ की शुरुआत में ही 5-2 की बढ़त बना ली, जिसमें तेजतर्रार विंगर ख्विचा क्वारात्सखेलिया (24वें और 56वें मिनट) और औस्मान डेम्बेले (45वें और 58वें मिनट) ने दो-दो गोल किए।

पीएसजी के लिए जोआओ नेवेस ने भी 33वें मिनट में गोल किया था। बायर्न की तरफ से केन के अलावा माइकल ओलिस (41वें), डेयोत उपामाकानो (65वें) और लुई डियाज (68वें मिनट) ने गोल दागे।

पीएसजी के कोच लुइस एनरिक ने कहा, ‘‘हम जीतने के हकदार थे, हम हारने के हकदार थे, हम ड्रॉ के हकदार थे। यह एक असाधारण मैच था। मैंने कोच रहते हुए कभी इतना ज़बरदस्त मैच नहीं देखा। मैंने कभी ऐसा कड़ा मैच नहीं देखा। यह अविश्वसनीय था। सभी खिलाड़ी बधाई के पात्र हैं।’’

बायर्न म्यूनिख के मुख्य कोच विन्सेंट कोम्पनी निलंबित थे और स्टैंड से मैच देख रहे थे, इसलिए सहायक कोच आरोन डैंक्स ने कमान संभाली। बायर्न को 24 जनवरी के बाद किसी भी प्रतियोगिता में पहली बार हार का सामना करना पड़ा।

इस मैच में नौ गोल दागे गए। यह चैंपियंस लीग के नॉकआउट चरण के किसी मैच में दूसरे सबसे ज़्यादा गोल के बराबर हैं। नॉकआउट चरण का एकमात्र ऐसा मैच जिसमें इससे भी ज़्यादा गोल हुए थे, उसमें भी बायर्न म्यूनिख शामिल था। उसने 2020 के क्वार्टरफ़ाइनल में बार्सिलोना को 8-2 से हराया था।

एपी

पंत

पंत


लेखक के बारे में