पटना, 15 मई (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भारतीय टीम को टी20 विश्व कप जीतने में अपने शानदार प्रदर्शन से योगदान देने के लिए इशान किशन को शुक्रवार को एक करोड़ रुपये का चेक प्रदान किया।
राज्य के नवादा जिले से संबंध रखने वाले और बचपन का शुरुआती समय पटना में बिताने वाले किशन ने मुख्यमंत्री कार्यालय जाकर उनसे मुलाकात की।
चौधरी ने इस 27 वर्षीय विकेटकीपर-बल्लेबाज का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने किशन के गले में अंगवस्त्र डाला, स्मृति-चिह्न भेंट किया और फिर एक करोड़ रुपये का चेक प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर साझा पोस्ट में कहा, “आईसीसी पुरुष टी20 विश्वकप जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य, शानदार बल्लेबाज और बिहार के बेटे इशान किशन जी को विश्व कप जीत में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए राज्य सरकार द्वारा एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।”
इस अवसर पर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और किशन के करीबी परिजन भी मौजूद रहे।
भाषा
कैलाश आनन्द आनन्द पंत
पंत