सीएसके ने आईपीएल के शुरू से साथ में रहे फ्लेमिंग से नाता तोड़ा

Ads

सीएसके ने आईपीएल के शुरू से साथ में रहे फ्लेमिंग से नाता तोड़ा

  •  
  • Publish Date - July 13, 2026 / 12:34 PM IST,
    Updated On - July 13, 2026 / 12:34 PM IST

चेन्नई, 13 जुलाई (भाषा) पांच बार की आईपीएल चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने पिछले तीन सत्र में प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रहने के बाद लंबे समय से टीम के मुख्य कोच रहे स्टीफन फ्लेमिंग से अलग होने का फैसला किया है।

फ्लेमिंग पहली बार 2008 में आईपीएल के उद्घाटन सत्र में एक खिलाड़ी के रूप में टीम में शामिल हुए थे। वह 2009 से टीम के मुख्य कोच की भूमिका निभा रहे थे।

फ्लेमिंग ने सोमवार को सीएसके के एक बयान में कहा, ‘‘खेल जगत में 18 साल लंबा समय होता है। मैं इसके लिए आभार व्यक्त करता हूं। चेन्नई सुपर किंग्स के साथ बिताया मेरा समय मेरे कोचिंग करियर का सबसे महत्वपूर्ण दौर रहा है। इस बीच हमने जो कुछ भी हासिल किया है, उस पर मुझे गर्व है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमने साथ मिलकर अविस्मरणीय जीत का जश्न मनाया, मुश्किल पलों का सामना किया और ऐसी यादें बनाईं जिन्हें मैं ताउम्र संजोकर रखूंगा। सीएसके हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगी और मैं आने वाले वर्षों में भी टीम का हौसला बढ़ाता रहूंगा।’’

सीएसके ने कहा कि फ्लेमिंग और टीम प्रबंधन के बीच सौहार्दपूर्ण बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया।

फ्लेमिंग के कोच रहते हुए चेन्नई ने पांच बार आईपीएल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस बीच उन्होंने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के साथ यादगार साझेदारी बनाई।

इस दौरान सीएसके ने दो बार चैंपियंस लीग टी20 टूर्नामेंट भी जीता। उसने रिकॉर्ड 12 बार आईपीएल प्लेऑफ में प्रवेश किया और 10 बार फाइनल में जगह बनाई।

हालांकि, पिछले तीन वर्षों से टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा और वह प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही।

फ्रेंचाइजी की मालिक रूपा गुरुनाथ ने फ्लेमिंग को टीम के कोचिंग ढांचे का दिल बताया और न्यूजीलैंड की पूर्व कप्तान के योगदान की जमकर प्रशंसा की।

उन्होंने कहा, ‘‘स्टीफन फ्लेमिंग इस फ्रेंचाइजी के लगभग पूरे सफर में कोचिंग इकाई की जान रहे। हम उनका हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं। मैदान पर हमारा साथ का सफर भले ही समाप्त हो रहा है, लेकिन वह हमेशा टीम का एक अभिन्न अंग बने रहेंगे।’’

भाषा

पंत

पंत