यह राजनीति नहीं, एक दिग्गज के लिए बुनियादी इंसानियत है, लारा ने इमरान खान के लिए इलाज की मांग की

Ads

यह राजनीति नहीं, एक दिग्गज के लिए बुनियादी इंसानियत है, लारा ने इमरान खान के लिए इलाज की मांग की

  •  
  • Publish Date - September 5, 2026 / 08:44 PM IST,
    Updated On - September 5, 2026 / 08:44 PM IST

नयी दिल्ली, पांच सितंबर (भाषा) वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज ब्रायन लारा शनिवार को उन पूर्व क्रिकेटरों के साथ शामिल हो गए जिन्होंने जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और प्रधानमंत्री इमरान खान के लिए उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।

लारा ने कहा कि किसी व्यक्ति के साथ करुणा और सम्मान से पेश आना बुनियादी इंसानियत है।

तिहत्तर वर्षीय इमरान 2023 से रावलपिंडी की अडियाला जेल में बंद हैं। उन्हें भ्रष्टाचार के मामलों में दोषी ठहराया गया था। उनकी हिरासत और स्वास्थ्य को लेकर सामने आई चिंताओं पर उनके परिवार के साथ-साथ कई पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों ने भी सवाल उठाए हैं।

लारा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा की गई एक पोस्ट में लिखा, ‘‘इमरान खान और मेरा मैदान पर केवल कुछ ही बार आमना-सामना हुआ, लेकिन उनके लिए मेरे मन में जो सम्मान पैदा हुआ, वो तुरंत हुआ और हमेशा कायम रहा। ’’

उन्होंने लिखा, ‘‘मैं यह समझने में असमर्थ हूं कि जो व्यक्ति कभी अपने देश के लिए उम्मीद, गर्व और प्रेरणा की किरण हुआ करता था और अपने खेल करियर के शिखर पर था, वह आज ऐसी स्थिति में कैसे पहुंच गया, जहां उसे वह देखभाल, करुणा और सम्मान नहीं मिल रहा, जिसका वह हकदार है। ’’

लारा ने लिखा, ‘‘मैं अपने पूर्व कप्तान साथियों के साथ खड़ा हूं और मांग करता हूं कि उन्हें उचित एवं स्वतंत्र चिकित्सा सुविधा दी जाए और वह सम्मान दिया जाए, जिसके हर इंसान को हक है। यह राजनीति नहीं है। यह हमारे खेल के एक दिग्गज के लिए बुनियादी इंसानियत है। ’’

लारा ने 1990 के अंत में वेस्टइंडीज के पाकिस्तान दौरे के दौरान इमरान के खिलाफ चार अंतरराष्ट्रीय मैच खेले थे।

भारत के सुनील गावस्कर और कपिल देव के अलावा ऑस्ट्रेलिया के ग्रेग चैपल समेत कई पूर्व क्रिकेटर भी इमरान को उचित चिकित्सा उपचार दिए जाने की मांग कर चुके हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने भी सार्वजनिक रूप से अपील की है कि पाकिस्तान के पूर्व कप्तान के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए।

यह मुद्दा हाल में उस समय सभी की नजरों में आया, जब इमरान खान के बेटों सुलेमान और कासिम ने लॉर्ड्स में इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच दूसरे टेस्ट के दौरान ‘स्काई स्पोर्ट्स’ की कवरेज में इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल एथरटन से बातचीत की।

लंच ब्रेक के दौरान प्रसारित इस साक्षात्कार में दोनों भाइयों ने अपने पिता के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।

लारा की अपील के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत की उन हस्तियों की आवाज और मजबूत हुई है जो इमरान को उचित चिकित्सा सुविधा और मानवीय व्यवहार दिए जाने की मांग कर रहे हैं।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द