दिल्ली कैपिटल्स ने यूपी वारियर्स को 122 रन पर रोका

दिल्ली कैपिटल्स ने यूपी वारियर्स को 122 रन पर रोका

दिल्ली कैपिटल्स ने यूपी वारियर्स को 122 रन पर रोका
Modified Date: February 1, 2026 / 09:18 pm IST
Published Date: February 1, 2026 9:18 pm IST

वडोदरा, एक फरवरी (भाषा) मारिजेन कैप की अगुआई में गेंदबाजों के प्रभावी प्रदर्शन से दिल्ली कैपिटल्स ने महिला प्रीमियर लीग में रविवार को यहां यूपी वारियर्स को आठ विकेट पर 122 रन के स्कोर पर रोक दिया।

कैप (30 रन पर तीन विकेट), श्री चरणी (22 रन पर दो विकेट) और हेनरी (25 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने यूपी वारियर्स ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और टीम कभी बड़े स्कोर की ओर पहुंचने की स्थिति में नहीं थी।

वारियर्स की ओर से सलामी बल्लेबाज दीप्ति शर्मा (24), शिखा पांडे (नाबाद 23) और सिमरन शेख (22) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाईं।

दिल्ली की टीम अगर इस मुकाबले को जीत लेती है तो मुंबई इंडियन्स को पछाड़कर गुजरात जाइंट्स के खिलाफ होने वाले एलिमिनेटर में जगह बना लेगी।

जेमिमा ने टॉस जीतकर वारियर्स को बल्लेबाजी का न्यौता दिया जिसे उनकी गेंदबाजों ने सही साबित करते हुए पावर प्ले में टीम का स्कोर तीन विकेट पर 36 रन कर दिया।

हेनरी ने मैच की पहली ही गेंद पर कप्तान मेग लेनिंग (00) को पगबाधा किया। दीप्ति शर्मा (24) ने हेनरी और कैप पर दो-दो चौके मारे।

चार्ली नॉट (12) ने भी कैप पर चौका मारा लेकिन इसी तेज गेंदबाज की गेंद पर विकेटकीपर लिजेल ली को कैच दे बैठी।

दीप्ति ने कैप पर पारी का पहला छक्का मारा लेकिन ओवर की अंतिम गेंद को निक्की प्रसाद के हाथों में खेल गईं।

हरलीन देओल भी 11 गेंद में सिर्फ तीन रन बनाने के बाद श्री चरणी की गेंद पर पगबाधा हो गईं जबकि डिएंड्रा डॉटिन (05) कैप का तीसरा शिकार बनीं जिससे वारियर्स का स्कोर पांच विकेट पर 52 रन हो गया।

सिमरन शेख (22) ने मीनू मनि पर लगातार दो चौके मारे लेकिन शिप्रा गिरी (09) ने उनकी गेंद पर शेफाली वर्मा को कैच थमा दिया।

हेनरी ने सिमरन को मीनू के हाथों कैच कराके 13वें ओवर में वारियर्स का स्कोर सात विकेट पर 76 रन किया।

आशा शोभना (13) ने स्नेह राणा पर छक्के के साथ 23 गेंद के बाउंड्री के सूखे को खत्म किया लेकिन अगले ओवर में श्री चरणी ने उन्हें मीनू के हाथों कैच करा दिया।

शिखा ने नंदिनी शर्मा पर चौके के साथ 18वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया और फिर हेनरी और नंदिनी की गेंद को भी बाउंड्री के दर्शन कराए।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में