नयी दिल्ली, 15 मई (भाषा) भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच शोर्ड मारिन अर्जेंटीना के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद चाहते हैं कि उनके खिलाड़ी आगामी टूर्नामेंटों में अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखने के लिए पूरे अनुशासन के साथ खेलें।
भारतीय टीम ने विश्व में नंबर दो टीम अर्जेंटीना के खिलाफ चार मैचों की सीरीज 2-2 से ड्रॉ खेली। पहले दो मैच हारने के बाद भारत ने जोरदार वापसी करते हुए अंतिम दो मैच (शूटआउट सहित) जीतकर सीरीज बराबर की।
भारत अगले महीने न्यूजीलैंड में होने वाले एफआईएच नेशंस कप की तैयारियों के तहत 21 मई से तीन जून तक ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगा, जहां वह चार मैचों की श्रृंखला खेलेगा। नेशंस कप की विजेता टीम एलीट एफआईएच प्रो लीग के लिए क्वालीफाई करेंगी।
नेशंस कप 15 से 21 जून तक ऑकलैंड में खेला जाएगा। भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने सभी चार मैच पर्थ हॉकी स्टेडियम में खेलेगी। पिछले साल प्रो लीग से बाहर होने के बाद भारत को इसमें दोबारा प्रवेश पाने के लिए टूर्नामेंट जीतना जरूरी है।
इस साल के शुरू में दूसरी बार भारतीय टीम की कमान संभालने वाले मारिन ने कहा, ‘‘जनवरी में जब मैंने कार्यभार संभाला तो मेरा पहला काम खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर था। हमारे लगभग 14 खिलाड़ी चोटिल थे। इसके अलावा विश्व कप के लिए क्वालीफाई करना महत्वपूर्ण था। इससे बाकी चीजों पर ध्यान देने का समय नहीं मिला। हमने इसके बाद अर्जेंटीना का भी अच्छा दौरा किया।’’
मारिन ने भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा आयोजित ऑनलाइन संवाद में कहा, ‘‘अर्जेंटीना विश्व में दूसरे नंबर की टीम है और इससे हमें विश्व हॉकी के मानदंडों का पता चला। उसके बाद हमने अभ्यास शिविर में फिटनेस पर काम किया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ऑस्ट्रेलिया दौरे और नेशंस कप में मैं जो सबसे महत्वपूर्ण चीज हासिल करना चाहता हूं, वह है पूरे अनुशासन के साथ खेलना और अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखना। अगर हम प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखते हैं तो हमारा स्तर काफी ऊंचा हो जाएगा।’’
उन्होंने विश्व स्तर पर सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन और टीम संस्कृति पर भी जोर दिया।
मारिन ने कहा, ‘‘खेल की समझ भी महत्वपूर्ण है। मुझे अनुशासन पसंद है। यह मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण चीजों में से एक है। हमें टीम संस्कृति पर भी ध्यान केंद्रित करने की जरूरत है।’’
भारतीय कप्तान सलीमा टेटे ने भी कहा कि विश्व स्तर पर सफलता हासिल करने के लिए अनुशासन बहुत अधिक महत्व रखता है।
उन्होंने कहा, ‘‘खिलाड़ी फिटनेस पर वास्तव में कड़ी मेहनत कर रहे हैं। हम फिटनेस का महत्व जानते हैं अगर हम फिट हैं तो हम किसी भी टीम को हरा सकते हैं। इसके अलावा अनुशासन भी जरूरी है।’’
भाषा
पंत नमिता
नमिता