द्रविड़ ने केएससीए टी20 टूर्नामेंट की भूमिका की सराहना की

द्रविड़ ने केएससीए टी20 टूर्नामेंट की भूमिका की सराहना की

द्रविड़ ने केएससीए टी20 टूर्नामेंट की भूमिका की सराहना की
Modified Date: June 11, 2026 / 06:59 pm IST
Published Date: June 11, 2026 6:59 pm IST

बेंगलुरु, 11 जून (भाषा) भारत के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ ने बृहस्पतिवार को आगामी महाराजा ट्रॉफी केएससीए टी20 टूर्नामेंट को राज्य के युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का एक अच्छा मंच करार दिया जिससे लुभावनी इंडियन प्रीमियर लीग के लिए दरवाजा खुल सकता है।

टूर्नामेंट का आगामी चरण 20 जून से 12 जुलाई तक मैसूरु, हुबली और बेंगलुरु में खेला जाएगा।

ट्रॉफी का अनावरण करने के बाद द्रविड़ ने कहा, ‘‘मैं खुद कई वर्षों से आईपीएल से जुड़ा हुआ हूं, मैं जानता हूं कि यह एक ऐसा टूर्नामेंट है जिसका कई आईपीएल टीमें अनुसरण करती हैं। ऐसे ‘स्काउट्स’ होंगे जो मैच देखने आते हैं, लेकिन उनमें से कई इसे टीवी पर भी देखते हैं। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘इन मुकाबलों के स्कोर, आंकड़े और डेटा को बहुत बारीकी से देखा जाता है। इससे इनमें से कई खिलाड़ियों को आईपीएल में आने में मदद मिलती है। ’’

द्रविड़ ने राजस्थान रॉयल्स के लेग स्पिनर यशराज पुंजा का उदाहरण दिया जो कर्नाटक से हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने कर्नाटक में बहुत अधिक क्रिकेट नहीं खेला है। लेकिन उन्होंने आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन किया। इसलिए कुछ शानदार उदाहरण इस तरह के टूर्नामेंटों से सामने आते हैं। ’’

पुंजा (19 वर्ष) ने पिछले सत्र की महाराजा ट्रॉफी में चमकदार प्रदर्शन की बदौलत रॉयल्स के साथ अनुबंध हासिल किया और उन्होंने इस आईपीएल में आठ मैचों में नौ विकेट लिए।

द्रविड़ ने कहा कि तीन स्थानों पर टूर्नामेंट आयोजित करने से राज्य के दूरदराज के इलाकों में खेल के विकास में मदद मिलेगी।

वहीं केएससीए के अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद ने कहा, ‘‘महाराजा ट्रॉफी केएससीए टी20 युवा खिलाड़ियों को अपनी क्षमता का प्रदर्शन करने, अनुभव प्राप्त करने और अपने क्रिकेट करियर में महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाने के लिए एक अहम मंच प्रदान करता है। हमें एक ऐसा मार्ग प्रदान करने पर गर्व है जो अगली पीढ़ी के चैंपियन को प्रेरित करता है।’’

भाषा नमिता मोना

मोना


लेखक के बारे में