विश्व कप नॉकआउट में पदार्पण करने वाले मिस्र ने आस्ट्रेलिया को पेनल्टी शूटआउट में हराया

Ads

विश्व कप नॉकआउट में पदार्पण करने वाले मिस्र ने आस्ट्रेलिया को पेनल्टी शूटआउट में हराया

  •  
  • Publish Date - July 4, 2026 / 08:34 AM IST,
    Updated On - July 4, 2026 / 08:34 AM IST

अर्लिंगटन, चार जुलाई (एपी) होसाम अब्दुलमागुद ने शूटआउट में निर्णायक गोल किया जिसके दम पर पहली बार विश्व कप नॉकआउट मुकाबला खेलते हुए मिस्र ने आस्ट्रेलिया के पेनल्टी शूटआउट में 4 . 2 से हरा दिया जबकि निर्धारित समय तक स्कोर 1 . 1 से बराबर था ।

मिस्र ने चौथी बार विश्व कप खेलते हुए यह जीत दर्ज की है । वहीं आस्ट्रेलिया नॉकआउट में तीन में से एक भी बार जीत नहीं सका है ।

अब मिस्र का सामना मंगलवार को गत चैम्पियन अर्जेंटीना से होगा जिसने केप वर्दे को अतिरिक्त समय में 3 . 2 से हराकर अंतिम 16 में जगह बनाई है ।

शूटआउट में आस्ट्रेलिया के हैरी साउटार का निशाना चूका और 18 वर्ष के लुकास हेरिंगटन का शॉट क्रॉसबार से टकरा गया ।

मिस्र के लिये होसाम के अलावा महमूद साबिर, रामी राबिया और लिवरपूल के पूर्व स्टार मोहम्मद सालाह ने गोल दागे । मांसपेशी की चोट के बावजूद सालाह ने यह मैच खेला ।

आस्ट्रेलिया के लिये शूटआउट में जैकसन इरविन और अवेर माबिल ने गोल किये ।

इमाम अशूर ने 13वें मिनट में हेडर पर गोल करके मिस्र को बढत दिला दी थी । आस्ट्रेलिया ने 55वें मिनट में बराबरी की जब मिस्र के डिफेंडर मोहम्मद हानी एक ही विश्व कप में दो आत्मघाती गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए । इससे पहले ग्रुप चरण में बेल्जियम के खिलाफ 1 . 1 से ड्रॉ रहे मैच में भी उन्होंने आत्मघाती गोल किया था ।

इससे दस मिनट पहले हेडर लगाने का प्रयास कर रहे आस्ट्रेलिया के मिडफील्डर कोनोर मेटकाफे से टकराने के कारण हानी को स्ट्रेचर पर मैदान से ले जाया गया । सिर में चोट (कनकशन) की जांच भी की गई ।

विश्व कप नॉकआउट में आस्ट्रेलिया का खाता दो आत्मघाती गोल से ही खुला है । आस्ट्रेलिया 2006 में इटली से 1 . 0 से और 2022 में अर्जेंटीना से 1 . 2 से हार गई थी । अर्जेंटीना के खिलाफ उसका आत्मघाती गोल था ।

एपी

मोना

मोना