पुणे में कारोबारी के कार्यालय पर गोलीबारी:बिश्नोई गैंग का संदिग्ध सदस्य हिरासत में लिया गया

Ads

पुणे में कारोबारी के कार्यालय पर गोलीबारी:बिश्नोई गैंग का संदिग्ध सदस्य हिरासत में लिया गया

  •  
  • Publish Date - July 4, 2026 / 08:59 AM IST,
    Updated On - July 4, 2026 / 08:59 AM IST

पुणे, चार जुलाई (भाषा) पुणे पुलिस ने पिछले महीने शहर के एक कारोबारी के कार्यालय पर हुई गोलीबारी के मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक संदिग्ध सदस्य को हिरासत में लिया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी के अनुसार, अपराध शाखा ने संदिग्ध पवन राम को शुक्रवार को राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले से हिरासत में लिया।

मामले के अनुसार 18 जून की रात पुणे के मंतरवाडी इलाके में एक स्टील कारोबारी के कार्यालय पर दो अज्ञात बदमाशों ने गोलीबारी की थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी।

गोलीबारी की घटना के तुरंत बाद, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का दावा करने वाले कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर इस हमले की जिम्मेदारी ली थी।

इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सार्वजनिक हुआ था।

अपराध शाखा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा,‘‘ आरोपियों तक पहुंचने के लिए हमने कई टीम गठित की थीं। पुलिस ने इस मामले में राजस्थान से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। मामले की जांच जारी है।’’

पुलिस उपायुक्त (अपराध) गौहर हसन संदिग्ध को हिरासत में लेने की कार्रवाई की निगरानी के लिए स्वयं राजस्थान में थे।

पुलिस के अनुसार, कारोबारी ने आरोप लगाया था कि उसे एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने अपना नाम ‘आरज़ू बिश्नोई’ बताया और उनसे एवं उनके व्यावसायिक साझेदारों से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी।

भाषा शोभना सिम्मी

सिम्मी