फीफा विश्व कप से भी बढकर है नीदरलैंड के लिये भारत के खिलाफ मुकाबला

फीफा विश्व कप से भी बढकर है नीदरलैंड के लिये भारत के खिलाफ मुकाबला

फीफा विश्व कप से भी बढकर है नीदरलैंड के लिये भारत के खिलाफ मुकाबला
Modified Date: February 17, 2026 / 04:39 pm IST
Published Date: February 17, 2026 4:39 pm IST

(भरत शर्मा)

अहमदाबाद, 17 फरवरी (भाषा) शानदार फॉर्म में चल रही भारतीय टीम के सामने टी20 विश्व कप के आखिरी लीग मैच में नीदरलैंड कोई चुनौती नहीं है लेकिन डच टीम अपने दमदार प्रतिद्वंद्वी से भयभीत भी नहीं है ।

नीदरलैंड टीम एक लाख 32 हजार दर्शक क्षमता वाले दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में खेलने को लेकर रोमांचित है । अगर मैदान आधा भी भरा होगा तो डच फुटबॉल टीम की हौसलाअफजाई के लिये स्टेडियम आने वाले दर्शकों से यह संख्या अधिक होगी ।

नीदरलैंड टीम का मीडिया और मार्केटिंग देखने वाले जॉन वान व्लिएट ने पीटीआई से कहा ,‘‘ दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में भारत से खेलना हमारे लिये बहुत बड़ी बात है । कल का मैच देखने उससे ज्यादा दर्शक मौजूद होंगे जो फीफा विश्व कप में डच टीम के समर्थन के लिये मैदान में आते हैं ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘डच प्रायोजकों को इस पर ध्यान देना चाहिये जो अभी तक नहीं दिया है ।’’

स्टेडियम की सीटें नारंगी रंग की है जो नीदरलैंड टीम की जर्सी का रंग भी है ।

नीदरलैंड की कहानी 20 देशों के इस टी20 विश्व कप में भाग ले रही हर एसोसिएट टीम की कहानी है । टूर्नामेंट के पहले मैच से तीन दिन पहले नीदरलैंड को प्रायोजक मिला । वह भी एक भारतीय प्रायोजक जैसा की 2023 वनडे विश्व कप में भी हुआ था ।

वित्तीय सेवा फर्म ग्लोब ने टूर्नामेंट शुरू होने से तीन दिन पहले प्रायोजन का फैसला किया ।

नीदरलैंड आईसीसी टूर्नामेंटों में लगातार खेल रही है लेकिन फुटबॉल के दीवाने देश में क्रिकेट हाशिये पर ही है । डच कंपनियां गाहे बगाहे प्रायोजन करती रही हैं लेकिन उनका भी कोई भारतीय कनेक्शन रहा है ।

व्लियेट ने कहा ,‘‘ हम भारत के खिलाफ आखिरी मैच में अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद रखते हैं ताकि भविष्य में और प्रायोजक आगे आयें ।’’

नीदरलैंड के कप्तान स्कॉट एडवडर्स ने कहा ,‘‘ यह हमारे लिये बहुत बड़ा मौका है । यह दुनिया का सबसे बड़ा स्टेडियम है । भारत के खिलाफ भारत में सबसे बड़े स्टेडियम में खेलने को लेकर सभी रोमांचित हैं ।’’

भाषा मोना

मोना


लेखक के बारे में