कर्नाटक के पूर्व खिलाड़ी वैद्य आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम के मैनेजर नियुक्त
कर्नाटक के पूर्व खिलाड़ी वैद्य आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम के मैनेजर नियुक्त
बेंगलुरु, 12 जून (भाषा) कर्नाटक के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज अविनाश वैद्य को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम का मैनेजर नियुक्त किया गया है।
भारत इस दौरे पर आयरलैंड के खिलाफ 26 और 28 जून को बेलफास्ट में दो टी20 मैच खेलेगा। इसके बाद टीम इंग्लैंड के खिलाफ एक से 11 जुलाई के बीच पांच टी20 मुकाबलों की श्रृंखला खेलेगी।
वैद्य (59) को प्रशासनिक कामकाज का लंबा अनुभव है। वह इससे पहले आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स के साथ भी काम कर चुके हैं।
वह वर्तमान में वेंकटेश प्रसाद की अगुवाई वाली कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) की प्रबंधन समिति के सदस्य भी हैं।
खिलाड़ी के रूप में वैद्य ने कर्नाटक के अलावा इंडिया ए, बोर्ड अध्यक्ष एकादश और दक्षिण क्षेत्र के लिए भी क्रिकेट खेला है। वह 90 के दशक में कर्नाटक की उस टीम का हिस्सा रहे, जिसने कई बार रणजी ट्रॉफी जीती थी।
इसी बीच पूर्व भारतीय कप्तान और महान लेग स्पिनर अनिल कुंबले ने कहा कि आगामी महाराजा ट्रॉफी केएससीए टी20 युवा खिलाड़ियों के लिए करियर की अच्छी शुरुआत का मौका है।
उन्होंने कहा, ‘यह कर्नाटक के युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी दावेदारी पेश करने का अवसर है और मुझे पूरा विश्वास है कि कई टैलेंट स्काउट ( प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की खोज करने वाले) इस टूर्नामेंट पर नजर रखेंगे।’
कुंबले ने कहा, ‘यह सिर्फ टीम में चयन की बात नहीं है, बल्कि मैदान पर आपके रवैये और प्रदर्शन की भी परीक्षा है।’
भाषा
आनन्द
आनन्द

Facebook


