फ्रेंच पैरा बैडमिंटन : कृष्णा, तुलसीमथी, नित्या और नितेश ने स्वर्ण पदक जीते
फ्रेंच पैरा बैडमिंटन : कृष्णा, तुलसीमथी, नित्या और नितेश ने स्वर्ण पदक जीते
नयी दिल्ली, 21 जून (भाषा) भारत के कृष्णा नागर, तुलसीमथी मुरुगेसन, नित्या श्री सुमति सिवन और नितेश कुमार ने रविवार को यहां फ्रेंच पैरा बैडमिंटन अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक जीते।
तोक्यो पैरालंपिक चैंपियन कृष्णा ने पुरुषों के एकल एसएच6 फाइनल में शानदार संयम और रणनीतिक अनुशासन दिखाया और पेरिस स्वर्ण विजेता चार्ल्स नोक्स को 21-19, 21-11 से हराया।
कृष्णा के लिए यह टूर्नामेंट कुल मिलाकर सफल रहा, उन्होंने अपने खाते में दो कांस्य पदक भी जोड़े।
उन्होंने पुरुषों के युगल एसएच6 वर्ग में शिवराजन सोलाईमलाई के साथ मिलकर तीसरा स्थान हासिल किया और मिश्रित युगल एसएच6 स्पर्धा में नित्या श्री सुमति सिवन के साथ मिलकर कांस्य पदक जीता।
भारत की पैरा बैडमिंटन टीम ने अलग-अलग वर्ग में कई शानदार प्रदर्शन किए।
तुलसीमथी ने महिलाओं के एकल एसयू5 में स्वर्ण पदक जीता जबकि नित्या श्री महिलाओं के एकल एसएच6 स्पर्धा में विजेता बनीं और नितेश कुमार ने पुरुषों के एकल एसएल3 स्पर्धा में भारत के लिए एक और स्वर्ण पदक जीता।
नवीन शिवकुमार पुरुषों के एकल एसएल4 में उप विजेता रहे। मानसी जोशी और तुलसीमथी मुरुगेसन ने महिलाओं की युगल एसएल3-एसयू5 स्पर्धा में रजत पदक जीता।
प्रमोद भगत और मनीषा रामदास ने भी मिश्रित युगल एसएल3-एसयू5 वर्ग में रजत पदक जीतने के लिए शानदार प्रदर्शन किया।
भारत के कांस्य पदक विजेताओं में पुरुषों के एकल डब्ल्यूएच1 में प्रेम कुमार आले, महिलाओं के एकल डब्ल्यूएच2 में अल्फिया जेम्स, पुरुषों के एकल एसएल3 में प्रमोद शामिल थे। प्रमोद और सुकांत कदम ने पुरुषों के युगल में भी कांस्य पदक जीता।
पुरुष एकल एसएल4 में सूर्यकांत यादव, पुरुष एकल एसयू5 में रुथिक रघुपति और महिला एकल एसयू5 में मनीषा रामदास ने भी कांस्य पदक जीते।
रुचि त्रिवेदी और पोलैंड की नतालिया ग्रजिब ने महिला युगल डब्ल्यूएच1-डब्ल्यूएच2 में कांस्य पदक जीता जबकि अबू हुबैद और पल्लवी कलुवेहल्ली मिश्रित युगल डब्ल्यूएच1-डब्ल्यूएच2 में तीसरे स्थान पर रहे।
संजना कुमारी और शांथिया विश्वनाथन ने महिला युगल एसएल3-एसयू5 में कांस्य पदक जीता। नितेश और तुलसीमथी मुरुगेसन ने मिश्रित युगल एसएल3-एसयू5 में कांस्य पदक हासिल किया।
भाषा नमिता
नमिता

Facebook


