गुलवीर सिंह चार मिनट से कम समय में एक मील दौड़ पूरी करने वाले पहले भारतीय बने

गुलवीर सिंह चार मिनट से कम समय में एक मील दौड़ पूरी करने वाले पहले भारतीय बने

गुलवीर सिंह चार मिनट से कम समय में एक मील दौड़ पूरी करने वाले पहले भारतीय बने
Modified Date: May 30, 2026 / 07:44 pm IST
Published Date: May 30, 2026 7:44 pm IST

क्लेवलैंड, 30 मई (भाषा) भारतीय लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम करते हुए चार मिनट से कम समय में एक मील दौड़ पूरी करने वाले पहले भारतीय बनने का गौरव हासिल किया।

उन्होंने यह उपलब्धि अमेरिका में आयोजित 24वें वार्षिक म्यूजिक सिटी ट्रैक कार्निवल में खिताब जीतते हुए हासिल की।

म्यूजिक सिटी ट्रैक कार्निवल का आयोजन अमेरिका स्थित ली यूनिवर्सिटी के क्लीवलैंड परिसर में किया गया था। यह प्रतियोगिता विश्व एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर की चैलेंजर श्रेणी का हिस्सा है।

गुलवीर ने पुरुषों की पेशेवर एक मील दौड़ में 3 मिनट 55.63 सेकंड का शानदार समय निकालते हुए स्वर्ण पदक जीता। इस प्रदर्शन के साथ 27 वर्षीय धावक ने भारतीय एथलेटिक्स इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया।

मेजबान अमेरिका के क्रिस्टोफर नाइट 3 मिनट 59.72 सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि ट्रिस्टन ट्रेविनो ने 4 मिनट 00.27 सेकंड का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया।

पुरुष 10,000 मीटर दौड़ में एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता गुलवीर इन दिनों आगामी राष्ट्रमंडल खेलों और जापान में होने वाले एशियाई खेलों की तैयारी के लिए अमेरिका में प्रशिक्षण और विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे हैं।

भारतीय सेना से जुड़े इस धावक के नाम पहले से ही कई राष्ट्रीय रिकॉर्ड दर्ज हैं। उनके नाम 5,000 मीटर और 10,000 मीटर दौड़ का राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी दर्ज है।

भाषा

आनन्द नमिता

नमिता


लेखक के बारे में