गुरनूर की ‘लेंथ और स्विंग’ शानदार थी, हर्ष भी प्रभावशाली रहे : गिल

गुरनूर की ‘लेंथ और स्विंग’ शानदार थी, हर्ष भी प्रभावशाली रहे : गिल

गुरनूर की ‘लेंथ और स्विंग’ शानदार थी, हर्ष भी प्रभावशाली रहे : गिल
Modified Date: June 13, 2026 / 10:58 pm IST
Published Date: June 13, 2026 10:58 pm IST

धर्मशाला, 13 जून (भाषा) भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने शनिवार को यहां बारिश से प्रभावित पहले वनडे में अफगानिस्तान पर जीत दर्ज करने के बाद कहा कि पदार्पण कर रहे तेज गेंदबाज गुरनूर बरार और स्पिनर हर्ष दुबे ने प्रभावित किया।

भारत ने बरार और दुबे की शानदार गेंदबाजी के बाद ‘मैन ऑफ द मैच’ गिल (नाबाद 84 रन) के अर्धशतक से अफगानिस्तान को सात विकेट से हरा दिया।

बरार और दुबे ने तीन तीन झटके देकर प्रभावित किया जिससे अफगानिस्तान की टीम विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज (51 गेंद में 102 रन) के शतक के बावजूद 24.5 ओवर में 194 रन पर सिमट गई।

लगातार बारिश के कारण मैच शुरू होने में चार घंटे 15 मिनट की देरी हुई। इससे मैच को घटाकर 25-25 ओवर का कर दिया गया

गिल ने मैच के बाद कहा, ‘‘यह एक तरह से टी20 मैच था। हमने अच्छी शुरुआत की। इसके बाद गुरबाज ने बढ़िया बल्लेबाजी की लेकिन उसके बाद हमने मध्य ओवरों में और डेथ ओवर में वापसी की। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘विकेट बल्लेबाजी के लिए काफी अच्छी थी। गुरनूर ने लेंथ और गति का अच्छा इस्तेमाल किया जो शानदार था। हर्ष ने पहले ओवर में 16 रन दिए लेकिन उन्होंने गेंद को ‘टॉसिंग’ करना जारी रखकर प्रभावित किया। वनडे में मध्य ओवर अहम होते हैं। अगर हमने गेंद से दबाव बनाकर मौके बनाए और बल्लेबाजी करते हुए बिना विकेट गंवाए छह रन प्रति ओवर बनाए तो यह शानदार है। ’’

वहीं अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने कहा, ‘‘यह एक मुश्किल मैच था। हमने लगातार विकेट गंवाए। जब गुरबाज और मैं बल्लेबाजी कर रहे थे तो मुझे लगा कि अगर हम 220-230 रन बना लेते हैं तो यह एक अच्छा लक्ष्य होगा। लेकिन फिर विकेट गिर गए और हम 30-40 रन पीछे रह गए। गुरबाज के आउट होने के बाद हमने गलतियां कीं। पिच थोड़ी स्पाट थी। गेंदबाजी में हम उतने अनुशासित नहीं थे। उम्मीद है कि हम इस पर काम करेंगे और मजबूती के साथ वापसी करेंगे। ’’

भाषा नमिता

नमिता


लेखक के बारे में