वोलवार्ट, कैप और लूस के अर्धशतक से दक्षिण अफ्रीका के नौ विकेट पर 312 रन
वोलवार्ट, कैप और लूस के अर्धशतक से दक्षिण अफ्रीका के नौ विकेट पर 312 रन
कोलंबो, 21अक्टूबर (भाषा) कप्तान लॉरा वोलवार्ट, अनुभवी मारिजेन कैप और सुने लूस के अर्धशतक से दक्षिण अफ्रीका ने महिला एकदिवसीय विश्व कप के वर्षा से प्रभावित 40 ओवर के मैच में पाकिस्तान के खिलाफ नौ विकेट पर 312 रन बनाए।
पाकिस्तान को डकवर्थ लुईस पद्धति के तहत 306 रन का लक्ष्य मिला।
सलामी बल्लेबाज लॉरा ने 82 गेंद में 10 चौकों और दो छक्कों से 90 रन की पारी खेलने के अलावा लुस (61 रन, 59 गेंद, आठ चौके, दो छक्के) के साथ दूसरे विकेट के लिए 118 रन की साझेदारी करके टीम को मजबूत मंच दिया। कैप (नाबाद 68, 43 गेंद, छह चौके, तीन छक्के) और नेदिन डि क्लर्क (41 रन, 16 गेंद, तीन चौके, चार छक्के) ने अंतिम ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए टीम का स्कोर 300 रन के पार पहुंचाया।
पाकिस्तान की ओर से नाशरा संधू ने 45 जबकि सादिया इकबाल ने 63 रन देकर तीन विकेट चटकाए।
बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे ओवर में ही ताजमिन ब्रिट्स (00) का विकेट गंवा दिया जिन्होंने फातिमा की गेंद पर नतालिया परवेज को कैच थमाया।
लॉरा और लूस ने इसके बाद पारी को संभाला। दोनों ने अर्धशतक जड़े और टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचया।
लूस के आउट होने के बाद वोलवार्ट ने अनुभवी कैप के साथ भी चौथे विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी की।
लॉरा ने विकेट के चारों तरफ आकर्षक शॉट खेले।
पाकिस्तान की कप्तान फातिमा ने आठ ओवर में 69 रन लुटाए। उनकी गेंद पर आठ चौके और तीन छक्के लगे।
अंतिम ओवरों में डि क्लर्क ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और टूर्नामेंट में अपनी फिनिशर की भूमिका को और पुख्ता किया। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और चार छक्के मारे। डि क्लर्क ने ऑफ स्पिनर सादिया पर लॉन्ग ऑफ पर छक्का जड़ने के बाद फातिमा पर भी दो छक्के जड़े।
कैप ने भी सादिया पर छक्का मारा और फिर फातिमा की गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाया।
भाषा सुधीर
सुधीर

Facebook


