मेजबान भारत ने विश्व योगासन चैम्पियनशिप के पहले दिन पांच स्वर्ण जीते
मेजबान भारत ने विश्व योगासन चैम्पियनशिप के पहले दिन पांच स्वर्ण जीते
अहमदाबाद, पांच जून (भाषा ) मेजबान भारत ने पहली विश्व योगासन चैम्पियनशिप के पहले दिन शुक्रवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले छह में से पांच स्वर्ण पदक जीत लिये ।
पश्चिम बंगाल के अभय बर्मन (सीनियर पुरूष) और रितु मंडल (सीनियर महिला) ने पारंपरिक योगासन वर्ग में स्वर्ण पदक जीते । बर्मन ने 63 . 42 अंक लेकर भारत को पहला पीला तमगा दिलाया । इंडोनेशिया की अरकान रियांतो (57 . 23) दूसरे और उजबेकिस्तान की एलेन (53 . 21) तीसरे स्थान पर रही ।
सीनियर महिला वर्ग में रितु ने 64 . 33 अंक के साथ एक और स्वर्ण जीता । कजाखस्तान की ऐजान के (58 . 97) को रजत और हांगकांग की लाम एंगा मेन (56 . 98) को कांस्य पदक मिला ।
जीत के बाद रितु ने कहा ,‘‘ हर योगासन खिलाड़ी के लिये यह चैम्पियनशिप ऐतिहासिक पल है । भारत के लिये पदक जीतना सपना सच होने जैसा है । मैने 12 वर्ष की उम्र से योग अभ्यास शुरू किया और आठ साल की मेहनत के बाद यह पदक जीता है ।’’
सीनियर ए पुरूष वर्ग में सिंगापुर के नाथनियल तान लियोंग अन ने स्वर्ण पदक जीतकर भारत को सभी छह स्वर्ण अपने नाम करने से रोक दिया । तंजानिया के करीमू स्वाफी को रजत और भारत के सुमीर नावाली को कांस्य पदक मिला ।
सीनियर ए महिला वर्ग में भारत की रितु ठाकुर ने 63 . 50 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता । अर्जेंटीना की नबीला सोल बाराजा दूसरे और कीनिया की अवुयोर साउलिन्हा तीसरे स्थान पर रही ।
सीनियर पुरूष बी वर्ग में भारत के रोशन थापा अव्वल रहे जबकि बांग्लादेश के मोहम्मद मामून खान बाबू दूसरे और किर्गीस्तान के दानिल रिकोव तीसरे स्थान पर रहे ।
ज्योति देउरकर ने ‘ट्विस्टिंग बॉडी’ व्यक्तिगत सीनियर बी महिला वर्ग में स्वर्ण पदक जीता । उन्होंने ओमान की ओलिमुथु नवामनी और जापान की साओरी कुयेइ को पछाड़ा ।
भारत ने इस चैम्पियनशिप में 122 सदस्यीय दल उतारा है और छह वर्गों में भारतीय प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं ।
भाषा मोना आनन्द
आनन्द

Facebook


