दक्षिण कोरिया की चेक गणराज्य पर जीत में चमके ह्वांग इन-बीओम

दक्षिण कोरिया की चेक गणराज्य पर जीत में चमके ह्वांग इन-बीओम

दक्षिण कोरिया की चेक गणराज्य पर जीत में चमके ह्वांग इन-बीओम
Modified Date: June 12, 2026 / 10:11 am IST
Published Date: June 12, 2026 10:11 am IST

गुआडालाजारा (मैक्सिको), 12 जून (एपी) ह्वांग इन-बीओम ने एक गोल किया और एक अन्य गोल में मदद की, जिससे दक्षिण कोरिया ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए बृहस्पतिवार की रात को विश्व कप फुटबॉल के दूसरे मैच में चेक गणराज्य को 2-1 से हरा दिया।

पहले हाफ में दोनों टीमों का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा और मैदान से बाहर जाते समय दर्शकों ने उनकी हूटिंग की। इसके बाद चेक गणराज्य ने 59वें मिनट में कप्तान लादिस्लाव क्रेजी के हेडर से किए गए शानदार गोल से बढ़त हासिल कर ली। यह गोल पेनल्टी एरिया में एक लंबी थ्रो-इन के बाद हुआ।

दक्षिण कोरिया ने 67वें मिनट में बराबरी कर ली, जब ह्वांग ने दो खिलाड़ियों को चकमा देने के लिए शॉट मारने का नाटक किया और गोल दाग दिया। इसके बाद उन्होंने दाहिनी ओर से क्रॉस पास दिया, जिस पर ओह ह्योन-ग्यू ने 80वें मिनट में निर्णायक गोल दागा। यह मैच ग्वाडालाजारा स्टेडियम में खेला गया जहां सैकड़ों सीट खाली पड़ी थी।

स्टार फॉरवर्ड सोन ह्युंग-मिन की अगुवाई में दक्षिण कोरिया ने गेंद पर पूरा नियंत्रण रखा और चेक गणराज्य के गोल पर अधिक शॉट लगाए, जो 2006 के बाद पहली बार विश्व कप में भाग ले रहा है।

फीफा रैंकिंग में 25वें स्थान पर काबिज कोरियाई टीम को 38वें स्थान की टीम चेक गणराज्य के खिलाफ गोल करने के कई मौके मिले, लेकिन वे शुरुआती क्षणों में इनका फायदा उठाने में नाकाम रहे।

एपी

पंत

पंत


लेखक के बारे में