मातृत्व के बाद वापसी के लिये आईसीसी के दिशा निर्देश : केस मैनेजर बनायेंगे 16 सप्ताह की योजना
मातृत्व के बाद वापसी के लिये आईसीसी के दिशा निर्देश : केस मैनेजर बनायेंगे 16 सप्ताह की योजना
दुबई, 22 जून (भाषा ) महिला खिलाड़ियों के लिये मातृत्व के बाद क्रिकेट में सुरक्षित और सुगम वापसी के लिये आईसीसी ने सोमवार को दिशा निर्देश जारी किये जिसमें वापसी से पहले 16 सप्ताह के विंडो में बच्चा होने के बाद शुरूआती रिकवरी, सुनियोजित अभ्यास और अनुकूलन शामिल होगा ।
महिला क्रिकेटरों के लिये ‘ रिटर्न टू प्ले पोस्ट प्रेगनेंसी गाइडलाइंस’ (मातृत्व के बाद मैदान पर वापसी के दिशा निर्देश) में छह ‘आर’ ढांचा बनाया गया है जिसमें रेडी (तैयार), रिव्यू (समीक्षा), रेस्टोर (बहाली), रिकंडीशन (फिर से संगठित होना), रिटर्न (वापसी) और रिफाइन (परिष्कृत) शामिल हैं ।
आईसीसी ने एक विज्ञप्ति में कहा ,‘‘ इसमें जन्म के बाद शुरूआती रिकवरी, चिकित्सा और कल्याण समीक्षायें, सुनियोजित अभ्यास में धीरे धीरे वापसी, क्रिकेट संबंधी अनुकूलन, खेल में वापसी और लगातार मॉनिटरिंग शामिल है ।’’
इसमें खिलाड़ियों की प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी के बाद ‘केस मैनेजर’ रखने की भी बात की गई है जो डॉक्टर या फिजियोथेरेपिस्ट होगा ।
शुरूआती समीक्षा में एक मां के रूप में जीवन में आये बदलाव से सामंजस्य बिठाने के लिये मनोवैज्ञानिक सहयोग शामिल है । इसके बाद दमखम बढाने के लिये अभ्यास कराया जायेगा । आठ सप्ताह इन समीक्षाओं के बाद खिलाड़ी डॉक्टर या फिजियो की मदद से दौड़ना शुरू करेगी ।
खिलाड़ी को मैदान पर वापसी की मंजूरी देने से पहले हर तरह के लक्षणों की जांच की जायेगी ।
आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने कहा ,‘‘ किसी खिलाड़ी को मातृत्व और देश के लिये शीर्ष स्तर पर खेलने के बीच चयन नहीं करना पड़ा । आईसीसी के ये दिशा निर्देश खेल में सहयोगात्मक और सूचित वातावरण बनाने के लिये अहम कदम है ।’
उन्होंने कहा,‘‘ जैसे जैसे महिला क्रिकेट दुनिया भर में बढ़ रहा है, यह जरूरी है कि हम खिलाड़ियों की भलाई का ध्यान रखें, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बनाए रखें और मौजूदा और आने वाली पीढ़ियों के लिए रास्ते मजबूत करें। ये दिशा निर्देश एक ऐसा माहौल बनाने को लेकर हमारी प्रतिबद्धता को दिखाते हैं जिसमें महिलाएं मैदान पर और मैदान के बाहर, दोनों जगह आगे बढ़ सकें ।’’
भाषा मोना सुधीर
सुधीर

Facebook


