भारत खेलों का एक प्रमुख वैश्विक केंद्र बनने की ओर अग्रसर है: शाह

भारत खेलों का एक प्रमुख वैश्विक केंद्र बनने की ओर अग्रसर है: शाह

भारत खेलों का एक प्रमुख वैश्विक केंद्र बनने की ओर अग्रसर है: शाह
Modified Date: September 4, 2026 / 09:33 pm IST
Published Date: September 4, 2026 9:33 pm IST

अहमदाबाद, चार सितंबर (भाषा) केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि सरकार ओलंपिक और राष्ट्रमंडल खेलों जैसी बड़ी प्रतियोगिताओं की मेजबानी से अपने खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करके भारत को खेलों के एक प्रमुख वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में भारत खेल से जुड़ी चोटों के चिकित्सा विज्ञान में भी अग्रणी देश के रूप में उभरेगा।

अहमदाबाद में पांच से नौ सितंबर तक होने वाली विश्व तीरंदाजी पैरा सीरीज के उद्घाटन समारोह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री शाह ने कहा कि देश में विकसित किया जा रहा अत्याधुनिक प्रशिक्षण और कोचिंग ढांचा दुनिया भर के खिलाड़ियों के लिए एक प्रमुख कोचिंग केंद्र के रूप में काम करेगा।

शाह ने कहा, ‘‘19 देशों के 108 से अधिक पैरा खिलाड़ियों की भागीदारी के साथ, मैं उन सभी को बताना चाहता हूं कि अहमदाबाद, गुजरात और भारत खेल जगत के प्रमुख वैश्विक केंद्र बनने के लिए तैयार हैं, चाहे वह ओलंपिक हो, पैरालंपिक हो या अन्य प्रतिस्पर्धी खेल। गुजरात खेल प्रशिक्षण, सुविधाओं और खेल उपकरणों के निर्माण का केंद्र बनने के लिए भी तैयार है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस व्यापक दृष्टिकोण और (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी जी के नेतृत्व में हम भारत को खेलों के एक प्रमुख वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। हमारा लक्ष्य केवल सबसे अधिक पदक जीतना ही नहीं है, बल्कि ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल और पुलिस खेलों जैसी प्रतियोगिताओं की मेजबानी करके अपने खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना भी है।’’

शाह ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि अहमदाबाद 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करने जा रहा है। उन्होंने इसके साथ ही उम्मीद जताई कि इस शहर को 2036 में होने वाले ओलंपिक खेलों की मेजबानी भी मिलेगी।

शाह ने कहा, ‘‘ मुझे पूरा विश्वास है कि ओलंपिक खेल यहीं आयोजित होंगे। इसी शहर में, इसी राज्य में, भारत में होंगे। मैं आप सभी को उस आयोजन के लिए अभी से आमंत्रित कर रहा हूं।’’

इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी तथा भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा भी उपस्थित थे।

भाषा

पंत नमिता

नमिता


लेखक के बारे में