भारतीय मिश्रित चार गुणा 400 मीटर रिले टीम ने एशियाई जूनियर रिकॉर्ड बनाया

Ads

भारतीय मिश्रित चार गुणा 400 मीटर रिले टीम ने एशियाई जूनियर रिकॉर्ड बनाया

  •  
  • Publish Date - August 2, 2022 / 11:06 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:33 PM IST

कैली (कोलंबिया), दो अगस्त (भाषा) भारतीय मिश्रित चार गुणा 400 रिले टीम ने एशियाई जूनियर रिकॉर्ड बनाकर यहां विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।

बराथ श्रीधर, प्रिया मोहन, कपिल और रूपल चौधरी की भारतीय चौकड़ी ने सोमवार को हीट नंबर तीन में तीन मिनट 19.62 सेकंड का समय लेकर नया रिकॉर्ड बनाया।

भारतीय टीम कुल मिलाकर दूसरे स्थान पर रही। अमेरिका ने तीन मिनट 18.65 सेकंड के साथ पहला स्थान हासिल किया। फाइनल बुधवार को भारतीय समयानुसार सुबह तीन बजकर 20 मिनट पर होगा।

भारत ने कीनिया के नैरोबी में 2021 में इसी चैंपियनशिप में मिश्रित चार गुणा 400 रिले में कांस्य पदक जीता था।

रूपल और प्रिया ने पहले दौर की हीट में अच्छा प्रदर्शन करके 400 मीटर सेमीफाइनल में भी जगह बना ली । रूपल ने 52 . 50 सेकंड का समय निकालकर अपनी हीट जीती जबकि प्रिया 52 . 56 सेकंड के साथ अपनी हीट में दूसरे स्थान पर रही ।

इस बीच 15 वर्षीय आशाकिरण बारला ने महिलाओं की 800 मीटर दौड़ के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। उन्होंने दो मिनट 9.01 सेकंड का समय लेकर पहली हीट में छठा स्थान हासिल किया।

संयम संजय शॉटपुट क्वालीफिकेशन दौर में 13वें स्थान पर रहे और 0 . 01 मीटर से फाइनल में जगह बनाने से चूक गए । भारत के ही सावन 15वें स्थान पर रहे ।

अमन खोकहार 100 मीटर सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सके । अर्जुन वसकाले भी पुरूषों की 1500 मीटर दौड़ में फाइनल में प्रवेश से चूक गए ।

भाषा

मोना सुधीर

सुधीर