रणधीर सिंह के निधन पर भारतीय खेल जगत ने जताया शोक

रणधीर सिंह के निधन पर भारतीय खेल जगत ने जताया शोक

रणधीर सिंह के निधन पर भारतीय खेल जगत ने जताया शोक
Modified Date: May 27, 2026 / 02:44 pm IST
Published Date: May 27, 2026 2:44 pm IST

नयी दिल्ली, 27 मई (भाषा) ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा समेत समूचे भारतीय खेल जगत ने वरिष्ठ प्रशासक और पूर्व निशानेबाज रणधीर सिंह के निधन पर शोक जताते हुए उन्हें भारतीय खेलों का करिश्माई नेता और असल धुरंधर बताया है ।

एशियाई खेलों में भारत को निशानेबाजी में पहला स्वर्ण दिलाने वाले रणधीर सिंह का बुधवार को उम्र संबंधी लंबी बीमारी से जूझने के बाद निधन हो गया ।

बिंद्रा ने एक्स पर लिखा ,‘‘ राजा रणधीर सिंहजी के निधन से दुखी हूं । एक ओलंपियन, एक खेल प्रशासक और भारतीय तथा विश्व खेलों में अपार योगदान देने वाले शख्स के रूप में उनका जीवन खेलों को समर्पित था ।’’

उन्होंने लिखा ,‘‘ हमारे खेलों के इतिहास में उनकी विरासत अहम रहेगी । उनके परिवार को प्रियजनों को मेरी सांत्वना ।’

एशियाई ओलंपिक परिषद ने लिखा, ‘‘ओलंपिक आंदोलन के दिग्गज राजा रणधीर का जीवन खेलों की सेवा और एशिया में ओलंपिक मूल्यों के प्रसार को समर्पित रहा। एशियाई ओलंपिक परिषद उनके परिवार, दोस्तों, सहकर्मियों और पूरे ओलंपिक परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करती है । ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे ।’’

भारतीय साइकिलिंग महासंघ के महासचिव मनिंदर पाल सिंह ने कहा ,‘‘अत्यंत गहरे दुख के साथ हम राजा रणधीर सिंह को विदाई देते हैं । एक अत्यंत कुशल प्रशासक, असाधारण मानवीय गुणों से संपन्न व्यक्ति और सबसे बढ़कर, एक महान एवं प्रिय मित्र। आज उनका निधन खेल जगत में एक युग के अंत का प्रतीक है ..न केवल भारत में, बल्कि पूरे विश्व में।’’

आईओए के पूर्व अध्यक्ष नरिंदर बत्रा ने कहा ,‘‘राजा रणधीर सिंह जी के निधन से भारतीय खेल जगत ने एक सच्चे दिग्गज और अपने सबसे सम्मानित नेताओं में से एक को खो दिया है। ओलंपिक आंदोलन और भारत में खेलों के विकास के प्रति उनके आजीवन समर्पण ने उन्हें पूरे खेल जगत में प्रशंसा और सम्मान दिलाया।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ उन्होंने हमेशा गरिमा, बुद्धिमत्ता और प्रतिबद्धता के साथ अपना आचरण किया और एथलीटों तथा खेल प्रशासन में उनके योगदान को हमेशा कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा।’’

भारतीय तैराकी महासंघ के सीईओ और एक अन्य अनुभवी खेल प्रशासक वीरेंद्र नानावटी ने कहा कि सिंह एक महान मानवतावादी थे।

उन्होंने कहा ,‘‘राजा रणधीर सिंह जी के निधन की खबर बहुत दुखद और स्तब्ध करने वाली है । वे एक ओलंपियन, सक्षम खेल प्रशासक, महान मानवतावादी, अद्भुत खेल हस्ती और एक महान मित्र थे।’’

भाषा मोना नमिता

नमिता


लेखक के बारे में