वीजा देर से मिलने के बाद भारतीय टीम ब्राजील में पैदल चाल विश्व टीम चैंपियनशिप के लिए तैयार
वीजा देर से मिलने के बाद भारतीय टीम ब्राजील में पैदल चाल विश्व टीम चैंपियनशिप के लिए तैयार
नयी दिल्ली, नौ अप्रैल (भाषा) राम बाबू और मंजू रानी की अगुवाई वाली 12 सदस्यीय भारतीय टीम 12 अप्रैल को ब्राजील के ब्रासीलिया में होने वाली विश्व एथलेटिक्स पैदल चाल टीम चैंपियनशिप में हिस्सा लेगी।
भारतीय टीम के अन्य सदस्यों में पुरुषों के वर्ग में संदीप कुमार, हरदीप, साहिल, सर्विन सबेस्टियन, अक्षदीप सिंह शामिल हैं जबकि महिलाओं के वर्ग में पायल, प्रियंका गोस्वामी, मानसी नेगी, मुनिता प्रजापति और रवीना को जगह मिली है।
एथलीट बृहस्पतिवार रात को ब्राजील के लिए रवाना हो रहे हैं क्योंकि शाम को देर से उनके वीजा को मंजूरी मिली।
भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा, ‘‘हां, टीम आज रात ब्राजील के लिए रवाना हो रही है। खिलाड़ियों के वीजा को मंजूरी मिल गई है।’’
इस बार 20 किमी और 35 किमी की पैदल चाल प्रतियोगिताएं नहीं होंगी। इनकी जगह एक नया कार्यक्रम शुरू किया गया है जिसमें हाफ मैराथन और मैराथन के साथ-साथ अंडर-20 वर्ग के लिए 10 किमी की प्रतियोगिता शामिल है।
व्यक्तिगत रूप से प्रतिस्पर्धा करने के अलावा एथलीट अपने देश का भी प्रतिनिधित्व करते हैं और विभिन्न प्रतियोगिताओं में टीम खिताब जीतने का प्रयास करते हैं।
प्रत्येक देश स्पर्धा में खिलाड़ियों का एक छोटा समूह भेजता है। सीनियर प्रतियोगिताओं में एक टीम में पांच तक खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं लेकिन टीम के स्कोर के लिए केवल शीर्ष तीन एथलीट के परिणाम ही गिने जाते हैं।
टीम नतीजे के लिए पात्र होने हेतु किसी देश के कम से कम तीन खिलाड़ियों का दौड़ पूरी करना अनिवार्य है जिससे कि एक स्कोरिंग टीम बन सके। यदि ऐसा नहीं होता है तो उन एथलीट के परिणाम व्यक्तिगत दौड़ में तो गिने जाते हैं जूनियर प्रतियोगिताओं में प्रत्येक देश के शीर्ष दो खिलाड़ियों के परिणाम टीम के स्कोर के लिए गिने जाते हैं।
भारतीय टीम:
पुरुषों की मैराथन पैदल चाल: राम बाबू, संदीप कुमार
पुरुषों की हाफ मैराथन पैदल चाल: हरदीप, साहिल, सर्विन सबेस्टियन, अक्षदीप सिंह
महिलाओं की मैराथन पैदल चाल: पायल, प्रियंका गोस्वामी, मंजू रानी
महिलाओं की हाफ मैराथन पैदल चाल: मानसी नेगी, मुनिता प्रजापति, रवीना।
भाषा
सुधीर आनन्द
आनन्द

Facebook


