अंडर-17 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय महिलाओं ने जीते 10 पदक
अंडर-17 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय महिलाओं ने जीते 10 पदक
नयी दिल्ली, 30 मई (भाषा) भारत की महिला पहलवानों ने वियतनाम के दा नांग में हुई अंडर-17 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 10 पदक जीते जिनमें दो स्वर्ण, तीन रजत और पांच कांस्य पदक शामिल हैं।
दीक्षा (43 किग्रा) और गरिमा (73 किग्रा) ने टीम की अगुवाई की। उन्होंने अपने-अपने फाइनल मुकाबलों में जबरदस्त जीत हासिल करते हुए स्वर्ण पदक जीते।
भारत ने निकिता (49 किग्रा), अंतरा (65 किग्रा) और तानिया (69 किग्रा) के ज़रिए तीन रजत पदक भी अपने नाम किए।
खादीशा फ्ल्युक के खिलाफ कड़े मुकाबले वाले फाइनल में हारने के बाद तानिया उप विजेता रहीं, जबकि निकिता और अंतरा को भी अपने-अपने खिताबी मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्हें रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा।
कांस्य पदक जीतने वालों में पलक (40 किग्रा), अनामिका (46 किग्रा), अक्षरा (53 किग्रा), साक्षी (57 किग्रा) और मान्या (61 किग्रा) शामिल हैं। इन सभी ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर पोडियम पर जगह बनाई।
कांस्य पदक मुकाबलों में पलक ने अरुके नुरबेकोवना नुरबेकोवा को, अनामिका ने इंझू बक्कोझा को, अक्षरा ने एमा अराकावा को, साक्षी ने शियिंग वांग को और मान्या ने आइगेरिम पोलातबे को हराया।
पदक की यह शानदार उपलब्धि आयु-वर्ग स्तर पर महिला कुश्ती में भारत की गहराई और निरंतरता को दर्शाती है। साथ ही यह एशियाई कुश्ती में एक मजबूत ताकत के तौर पर भारत की स्थिति को और भी पुख्ता करती है।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द

Facebook


