एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई कप में चीन से मिली हार से भारत का फीफा विश्व कप का सपना टूटा

Ads

एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई कप में चीन से मिली हार से भारत का फीफा विश्व कप का सपना टूटा

  •  
  • Publish Date - May 11, 2026 / 09:37 PM IST,
    Updated On - May 11, 2026 / 09:37 PM IST

सुझोऊ (चीन) 11 मई (भाषा) भारत का एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई कप में शानदार अभियान सोमवार को मेजबान चीन के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में 0-3 की हार के साथ समाप्त हो गया।

इस हार के साथ भारत की फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप के लिए ऐतिहासिक क्वालीफिकेशन की उम्मीदें भी टूट गईं। हालांकि, भारतीय टीम ने नॉकआउट चरण में पहुंचकर इस प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

भारतीय टीम ने मेजबान चीन को शुरुआती आधे घंटे में ज्यादा मौके नहीं दिए। हालांकि, चीन ने पहले हाफ के आखिरी 11 मिनट में दो गोल कर मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली।

भारत ने वापसी की पुरजोर कोशिश की, लेकिन मैच के आखिरी लम्हों में ली चिशियान ने 90वें मिनट में गोल दागकर अपनी टीम का सेमीफाइनल में स्थान पक्का कर दिया। इसके साथ ही चीन ने विश्व कप का टिकट भी हासिल कर लिया।

टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीमें मोरक्को में इसी वर्ष होने वाले फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेंगी।

भारत ने ग्रुप चरण के आखिरी मैच में लेबनान को 4-0 से हराकर उम्मीदें जगाई थी लेकिन टीम युवा खिलाड़ी चीन की चुनौती से पार पाने में विफल रहे।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर