ईशान के अर्धशतक से सनराइजर्स के नौ विकेट पर 201 रन

ईशान के अर्धशतक से सनराइजर्स के नौ विकेट पर 201 रन

ईशान के अर्धशतक से सनराइजर्स के नौ विकेट पर 201 रन
Modified Date: March 28, 2026 / 09:56 pm IST
Published Date: March 28, 2026 9:56 pm IST

बेंगलुरू, 28 मार्च (भाषा) कार्यवाहक कप्तान ईशान किशन के 38 गेंद में 80 रन की मदद से सनराइजर्स हैदराबाद ने गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के पहले मैच में नौ विकेट पर 201 रन बनाये ।

ईशान ने अपनी पारी में आठ चौके और पांच छक्के लगाये । उन्होंने चौथे विकेट के लिये हेनरिच क्लासेन (31) के साथ 97 रन की साझेदारी की ।

आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया । एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर करीब दस महीने बाद क्रिकेट की वापसी हुई है । पिछले साल आरसीबी के पहली बार खिताब जीतने के बाद जश्न में मची भगदड़ के दौरान 11 प्रशंसकों की मौत होने से इस मैदान पर क्रिकेट नहीं हो रहा था।

आरसीबी के लिये जैकब डफी ने चार ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट लिये । न्यूजीलैंड के इस तेज गेंदबाज ने अपने कद का पूरा इस्तेमाल करते हुए बल्लेबाजों को काफी परेशान किया । अभिषेक शर्मा (सात) खुलकर खेल नहीं सके हालांकि उन्होंने डफी को बैकवर्ड प्वाइंट पर छक्का लगाया था ।

शॉर्ट गेंद के सामने हमेशा असहज होने वाले अभिषेक ने डफी की गेंद पर विकेट के पीछे जितेश शर्मा को कैच थमाया । इससे पहले शुरूआती ओवर में ही अभिषेक को डफी की ही गेंद पर विकेट के पीछे लपके जाने की अपील पर आरसीबी ने एक डीआरएस रिव्यू गंवा दिया था ।

ट्रेविस हेड और नीतिश कुमार रेड्डी को भी डफी ने आउट किया । सनराइजर्स ने पांचवें ओवर में ही 29 रन पर तीन विकेट गंवा दिये थे और पावरप्ले के बाद स्कोर तीन विकेट पर 49 रन था ।

ईशान ने हालांकि दबाव में आये बिना साहसिक पारी खेली और 27 गेंद में अर्धशतक पूरा कर दिया । उन्होंने अभिनंदन सिंह को एक ओवर में दो छक्के और एक चौका लगाया । इसके बाद स्पिनर कृणाल पंड्या को भी दो छक्के जड़े ।

अभिनंदन ने ही हालांकि ईशान को डीप बैकवर्ड प्वाइंट पर फिल साल्ट के हाथों लपकवाया ।

आखिरी पांच ओवरों में सनराइजर्स के बल्लेबाज 59 रन ही बना सके । अनिकेत वर्मा ने 19 गेंद में 43 रन बनाये जिन्हें भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर विराट कोहली ने 26 के स्कोर पर जीवनदान दिया था ।

भाषा

मोना नमिता

नमिता


लेखक के बारे में