आईएसएल क्लबों के लिए ओसीआई खिलाड़ियों को अनुबंधित करना अनिवार्य नहीं: एआईएफएफ
आईएसएल क्लबों के लिए ओसीआई खिलाड़ियों को अनुबंधित करना अनिवार्य नहीं: एआईएफएफ
नयी दिल्ली, आठ जुलाई (भाषा) अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने बुधवार को अपने पहले के निर्देश से पीछे हटते हुए स्पष्ट किया कि इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के क्लबों के लिए ‘ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया’ (ओसीआई) कार्डधारक खिलाड़ियों को अनुबंधित करना अनिवार्य नहीं है।
एआईएफएफ ने 20 जून को अपनी विशेष आम सभा के बाद जारी मीडिया बयान में कहा था कि उसने ‘‘प्रस्ताव रखा और मंजूरी दी है कि आईएसएल और (द्वितीय श्रेणी लीग) इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) में क्लब तीन विदेशी खिलाड़ियों और एक ओसीआई खिलाड़ी को शामिल करते हुए शुरुआती एकादश उतार सकते हैं। ’’
एआईएफएफ के उप महासचिव एम सत्यनारायण ने हालांकि शीर्ष स्तरीय लीग के संचालन के लिए आईएसएल क्लबों के साथ क्लब-आधारित मॉडल पर हुए समझौते की घोषणा के दौरान आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में स्पष्ट किया कि ओसीआई खिलाड़ियों को अनुबंधित करना वैकल्पिक होगा, न कि अनिवार्य।
उन्होंने कहा, ‘‘फिलहाल हम क्लबों से यही कह रहे हैं कि हम उन्हें प्रोत्साहित करते हैं। यदि वे चाहें, तो लीग में खेलने के लिए ओसीआई खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल कर सकते हैं। इसके अलावा, क्लब खिलाड़ियों की भर्ती जिस तरह अब तक करते आए हैं, उसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है। ’’
सत्यनारायण ने कहा, ‘‘क्लबों के पास पहले की तरह छह विदेशी खिलाड़ियों को रखने का विकल्प है। इसके अलावा वे चाहें तो कुछ ओसीआई खिलाड़ियों को भी टीम में शामिल कर सकते हैं। एआईएफएफ क्लबों को यह निर्देश नहीं देता कि उन्हें क्या करना है। हमारा बयान इसी व्यापक भावना के तहत दिया गया था। ’’
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर

Facebook


