मानव के पास जितना कौशल है, उसे खेलते हुए देखना मजेदार है: वाशिंगटन सुंदर

मानव के पास जितना कौशल है, उसे खेलते हुए देखना मजेदार है: वाशिंगटन सुंदर

मानव के पास जितना कौशल है, उसे खेलते हुए देखना मजेदार है: वाशिंगटन सुंदर
Modified Date: June 7, 2026 / 07:15 pm IST
Published Date: June 7, 2026 7:15 pm IST

मुल्लांपुर, सात जून (भाषा) ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर का मानना ​​है कि पदार्पण कर रहे बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार के पास कमाल का कौशल है और आने वाले दिनों में उन्हें खेलते हुए देखना मजेदार होगा।

अफ़गानिस्तान के खिलाफ टेस्ट में रविवार को दूसरे दिन भारतीय गेंदबाजों में सुथार का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा और उन्होंने पांच में से तीन विकेट झटके।

सुथार के प्रदर्शन पर पूछने पर ऑफ-स्पिनर वाशिंगटन ने उनकी खूब तारीफ़ की।

भारत की पहली पारी में नाबाद अर्धशतक जड़ने वाले वाशिंगटन ने कहा, ‘‘वह (सुथार) शानदार रहा। हम खिलाड़ी के तौर पर पिछले कुछ साल से उसके साथ खेल रहे हैं और जानते हैं कि वह असल में क्या कर सकता है, विशेषकर इस प्रारूप में। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘उसके पास जितना कौशल है और जिस तरह से उसने इतने साल में उन पर काम किया है, उसे देखना सच में बहुत अच्छा लगता है। उसका अपने सर्वश्रेष्ठ कौशल से खेलना, खासकर दूसरे दिन, कमाल का है। ’’

लम्बे कद के इस ऑफ-स्पिनर ने कहा, ‘‘उसे बधाई। आप उससे और भी बहुत कुछ उम्मीद कर सकते हैं, विशेषकर भारत के लिए बहुत सारे मैच जीतने के मामले में। ’’

फिर वॉशिंगटन ने सुथार की खूबियों और टीम इंडिया के लिए उसे क्या चीज अहम बनाती है, इस बारे में बताया, ‘‘एक असली स्पिनर के तौर पर उसके पास शानदार कौशल है। वह असल में गेंद को कितना स्पिन कर सकता है और गेंद को कितना घुमा सकता है, यह हमेशा से उसकी मजबूती है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘इतने साल में, कई प्रारूप में, उसने बहुत सारा लाल गेंद का क्रिकेट खेला है। विशेषकर पिछले दो या तीन साल में, और सच में उसने बहुत अच्छा किया है। मुझे लगता है कि वह हर एक गेंद में अपनी पूरी ऊर्जा लगा देता है। वह अपने शरीर का बहुत ज्यादा इस्तेमाल करता है जो साफ दिखता है। ’’

वाशिंगटन को लगता है कि ट्रैक और धीमा होता जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि विकेट थोड़ा धीमा है और जाहिर है कि इसमें थोड़ी स्पिन है। अगले कुछ दिनों में, यह और भी धीमा होने लगेगा और थोड़ा और स्पिन होगा। ’’

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में