पहले आईपीएल खिताब की कल्पना करने के लिए बहुत मेहनत करनी पड़ेगी: श्रेयस अय्यर

पहले आईपीएल खिताब की कल्पना करने के लिए बहुत मेहनत करनी पड़ेगी: श्रेयस अय्यर

पहले आईपीएल खिताब की कल्पना करने के लिए बहुत मेहनत करनी पड़ेगी: श्रेयस अय्यर
Modified Date: April 11, 2026 / 08:57 pm IST
Published Date: April 11, 2026 8:57 pm IST

मुल्लांपुर, 11 अप्रैल (भाषा) पिछले साल के फाइनल में दिल तोड़ने वाली हार के बाद पंजाब किंग्स इस सत्र में अपना पहला इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) खिताब जीतने के लिए बेताब दिख रही है, हालांकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने स्वीकार किया कि इसकी कल्पना करने के लिए बहुत मेहनत करनी पड़ेगी।

अय्यर ने शनिवार को यहां सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ छह विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 33 गेंद में नाबाद 69 रन बनाकर टीम की अगुवाई की। सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने 99 रन की शानदार साझेदारी करके 220 रनों के लक्ष्य को आसान बना दिया था।

‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अय्यर ने अपने सलामी बल्लेबाजों के प्रयासों की सराहना की जिन्होंने पावरप्ले में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से एक मजबूत नींव रखी।

अय्यर ने पुरस्कार वितरण समारोह में कहा, ‘‘वे मैदान पर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। मैं बार-बार यही दोहराता रहता हूं कि आपको वर्तमान में रहना होगा। कोच रिकी (पोंटिंग) भी इस पहलू को बहुत महत्व देते हैं। पिछले साल भी हम ट्रॉफी जीतने के बहुत करीब पहुंच गए थे। इस साल, हम इसे जीतना चाहते हैं। इसकी कल्पना करने के लिए बहुत मेहनत करनी पड़ेगी। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमें शानदार शुरुआत मिली। जब आप 220 रनों का पीछा कर रहे होते हैं तो आपको ऐसी ही शुरुआत की जरूरत होती है। देखने में बहुत अच्छा लगा, एकदम सही क्रिकेटिंग शॉट। शुरुआत में लय को स्थिर रखा। यह आसान नहीं था, लेकिन उस गति को बनाए रखना, इसके लिए मुझे खुद को समय देने की जरूरत थी। एक बार जब मैंने पिच की गति को भांप लिया तो चीजें आसान हो गईं। ’’

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में