जम्मू, 18 फरवरी (भाषा) जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस केंद्र शासित प्रदेश की क्रिकेट टीम के पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचने को उल्लेखनीय उपलब्धि करार देते हुए बुधवार को खिलाड़ियों को बधाई दी।
जम्मू कश्मीर की टीम ने अपने पहले रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में बंगाल को छह विकेट से हराकर 67 साल में पहली बार इस घरेलू टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचकर इतिहास रचा।
उमर ने जम्मू कश्मीर की जनता की तरफ से भी टीम को बधाई दी और विश्वास व्यक्त किया कि इस क्षेत्र के क्रिकेटर जल्द ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।
उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं अपनी तरफ से और जम्मू कश्मीर के लोगों की तरफ से हमारी क्रिकेट टीम को हार्दिक बधाई देता हूं। मुझे उम्मीद है कि वह दिन दूर नहीं जब हम जम्मू कश्मीर के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय टीम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए देखेंगे।’’
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में टीम की प्रगति निरंतर कड़ी मेहनत, अनुशासन, कोचिंग और सहायक स्टाफ के मार्गदर्शन को दर्शाती है।
उमर ने कहा, ‘‘हमारी टीम ने उल्लेखनीय प्रगति की है। यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, कोच के मार्गदर्शन और सहायक स्टाफ के समर्पण का परिणाम है। रणजी ट्रॉफी में एक व्यक्ति के सहारे जीत हासिल नहीं की जा सकती है। यह हमारी पूरी टीम और सहयोगी स्टाफ के सदस्यों की जीत है।’’
भाषा
पंत
पंत