बॉश के तीन विकेट से दक्षिण अफ्रीका ने यूएई को छह विकेट पर 122 रन पर रोका

Ads

बॉश के तीन विकेट से दक्षिण अफ्रीका ने यूएई को छह विकेट पर 122 रन पर रोका

  •  
  • Publish Date - February 18, 2026 / 01:03 PM IST,
    Updated On - February 18, 2026 / 01:03 PM IST

नयी दिल्ली , 18 फरवरी (भाषा ) कोर्बिन बॉश की अगुवाई में अपने गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने टी20 विश्व कप के अपने आखिरी ग्रुप लीग मैच में बुधवार को संयुक्त अरब अमीरात को छह विकेट पर 122 रन पर रोक दिया ।

हल्की बूंदाबांदी और ठंडे मौसम के बीच भारतीय टीम का मैच नहीं होने के बावजूद अरूण जेटली स्टेडियम पर 12000 से अधिक दर्शक यह मैच देखने मौजूद थे । जिस तरह के आक्रामक क्रिकेट की वे अपेक्षा लेकर आये थे , वह उन्हें यूएई की पारी में हालांकि देखने को नहीं मिला ।

यूएई की पूरी पारी में कुल दस चौके और दो छक्के लगे । अलीशान शराफू (38 गेंद में 45 रन ) को छोड़कर कोई बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका ।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनने वाली पिछली उपविजेता दक्षिण अफ्रीका के लिये बॉश ने चार ओवर में सिर्फ 12 रन देकर तीन विकेट लिये जबकि जॉर्ज लिंडे ने चार ओवर में 17 रन देकर एक विकेट चटकाया । एनरिच नॉर्किया ने चार ओवर में 28 रन देकर दो विकेट लिये ।

पहले ही सुपर आठ में पहुंच चुकी दक्षिण अफ्रीका के धुरंधर गेंदबाजों के सामने खुद को परखने उतरे यूएई के बल्लेबाजों ने शुरूआत आत्मविश्वास के साथ की । पारी की तीसरी ही गेंद पर आर्यांश शर्मा ने कैगिसो रबाडा को थर्डमैन पर छक्का जड़कर अपने इरादे जाहिर कर दिये थे ।

रबाडा के दूसरे ओवर में मोहम्मद वसीम ने लगातार तीन चौके समेत चौदह रन लेकर उनकी लय बिगाड़ दी । रबाडा ने पहले दो ओवर के स्पैल में बीस रन दे दिये जिसे देखते हुए कप्तान एडेन माक्ररम ने जॉर्ज लिंडे को गेंद सौपी ।

उनका यह फैसला कारगर भी रहा जब अपने पहले ही ओवर में लिंडे ने वसीम को पगबाधा आउट करके दक्षिण अफ्रीका को पहली सफलता दिलाई । वसीम ने 12 गेंद में 22 रन बनाये और यूएई का पहला विकेट 38 के स्कोर पर गिरा ।

अगले ही ओवर में कोर्बिन बॉश ने शर्मा को क्वेना मफाका के हाथों मिडविकेट पर लपकवाकर यूएई को दूसरा झटका दिया । यूएई के पचास रन आठवें ओवर में बने और इसी ओवर में अलीशान शराफू ने एनरिच नॉर्किया को चौका और छक्का लगाकर दबाव कम करने की कोशिश की ।

यूएई के बल्लेबाज हालांकि बड़ी साझेदारियां बनाने में नाकाम रहे और विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे । शोहेब खान को बॉश ने विकेट के पीछे क्विंटॉन डिकॉक के हाथों लपकवाकर दक्षिण अफ्रीका को एक और सफलता दिलाई । दसवें ओवर में तीसरा विकेट 64 रन पर गिर गया ।

रबाडा 12वें ओवर में फिर गेंदबाजी के लिये लौटे और इस बार बेहतर लाइन और लैंग्थ के साथ तीन ही रन दिये ।

नॉर्किया को कामयाबी हैदर शाह के विकेट के रूप में मिली जो 14वें ओवर में उनकी शॉर्ट गेंद पर खराब पूल शॉट खेले और मफाका ने दौड़ते हुए कैच लपक लिया । यूएई का चौथा विकेट 82 के स्कोर पर गिर गया ।

शराफू ने एक छोर से रन बनाने का सिलसिला जारी रखा और मफाका को 15वें ओवर में मिडविकेट पर चौका लगाया । अगली गेंद यॉर्कर फेंकने के प्रयास में मफाका ने फुलटॉस डाल दी और विकेट के पीछे चार रन वाइड में चले गए ।

नॉर्किया ने शराफू की पारी का अंत 18वें ओवर में किया जो मफाका को कैच देकर लौटे । मफाका ने पारी में यह तीसरा कैच लपका हालांकि डीप से रबाडा भी दौड़ते हुए आ रहे थे लेकिन दोनों खिलाड़ी टकराने से बचे और यह कैच मफाका के हाथ में आया ।

भाषा पंत

पंत