जुरेल के नाबाद शतक से भारत ए ने 452 रन बनाए, श्रीलंका को दिए शुरुआती झटके

जुरेल के नाबाद शतक से भारत ए ने 452 रन बनाए, श्रीलंका को दिए शुरुआती झटके

जुरेल के नाबाद शतक से भारत ए ने 452 रन बनाए, श्रीलंका को दिए शुरुआती झटके
Modified Date: June 26, 2026 / 06:40 pm IST
Published Date: June 26, 2026 6:40 pm IST

गॉल, 26 जून (भाषा) कप्तान ध्रुव जुरेल के नाबाद 141 रन की मदद से भारत ए ने श्रीलंका ए के खिलाफ यहां खेले जा रहे पहले अनौपचारिक टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को अपनी पहली पारी छह विकेट पर 452 रन बनाकर समाप्त घोषित की।

इसके बाद अंशुल कंबोज (22 रन देकर एक विकेट) और यश ठाकुर (20 रन देकर एक विकेट) ने श्रीलंका ए को शुरुआती झटके दिए। श्रीलंका की टीम ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक दो विकेट पर 113 रन बनाए थे। वह अभी भारतीय टीम से 339 रन पीछे है।

कंबोज ने श्रीलंका के विकेटकीपर-बल्लेबाज निरोशन डिकवेला (10) को शेख रशीद के हाथों कैच आउट करवाकर भारत को पहली सफलता दिलाई, जबकि ठाकुर ने पवनथा वीरसिंघे (11) को बोल्ड किया।

लेकिन नुवानिदु फर्नांडो ने सकारात्मक इरादों के साथ बल्लेबाजी की। वह अभी 65 रन बना कर खेल रहे हैं। दूसरे छोर पर एशेन बंडारा 18 रन बनाकर उनका साथ दे रहे थे। इन दोनों ने शुरुआती झटकों के बावजूद सहजता से बल्लेबाजी करते हुए तीसरे विकेट के लिए अभी तक 75 रन की अटूट साझेदारी कर ली है।

जुरेल ने 215 गेंद पर नाबाद 141 रन बनाए जिसमें 13 चौके और एक छक्का शामिल है। उन्होंने अपनी पारी के दौरान धैर्य और आक्रामकता का अच्छा नमूना पेश किया।

जुरेल ने दूसरे दिन अपनी पारी 68 रन से आगे बढ़ाई और अपने अर्धशतक को बड़े स्कोर में बदलने में कामयाब रहे। शेख रशीद ने 53 रन से आगे खेलते हुए 63 रन बनाए जिसमें पांच चौके शामिल हैं।

भारतीय टीम ने पहले दिन चार विकेट पर 333 रन बनाए थे। उसकी तरफ से सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन ने 132 रन बनाए। आयुष पांडे (25), देवदत्त पडिक्कल (12) और रुतुराज गायकवाड़ (22) अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने में नाकाम रहे।

श्रीलंका की तरफ से चमिका गुणसेकरा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 84 रन देकर तीन विकेट लिए। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने रशीद के रूप में पारी का अपना दूसरा विकेट लिया और फिर विदर्भ के ऑलराउंडर हर्ष दुबे (30) को आउट किया। दुबे ने जुरेल के साथ छठे विकेट के लिए 86 रन की साझेदारी की।

औकिब नबी को दूसरे दिन सात ओवर फेंकने के बावजूद कोई विकेट नहीं मिला। स्पिनर दुबे और सारांश जैन को भी पहले विकेट की तलाश है।

भाषा

पंत आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में