क्वितोवा, सिटसिपास और रूबलेव फ्रेंच ओपन क्वार्टर फाइनल में

क्वितोवा, सिटसिपास और रूबलेव फ्रेंच ओपन क्वार्टर फाइनल में

क्वितोवा, सिटसिपास और रूबलेव फ्रेंच ओपन क्वार्टर फाइनल में
Modified Date: November 29, 2022 / 07:57 pm IST
Published Date: October 5, 2020 2:12 pm IST

पेरिस, पांच अक्टूबर (एपी) विंबलडन में दो बार की चैंपियन पेत्रा क्वितोवा ने सोमवार को यहां लंबे इंतजार के बाद फ्रेंच ओपन के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि पुरूष वर्ग में स्टेफनोस सिटसिपास और आंद्रेइ रूबलेव ने पहली बार इस ग्रैंडस्लैम टेनिस टूर्नामेंट के अंतिम आठ में जगह बनायी।

चेक गणराज्य की सातवीं वरीयता प्राप्त क्वितोवा ने चीन की गैर वरीय झांग शुहाई को 6-2, 6-4 से हराया। यह पिछले आठ वर्षों में पहला अवसर है जबकि क्वितोवा ने फ्रेंच ओपन के क्वार्टर फाइनल में जगह सुरक्षित की। इससे पहले यह 30 वर्षीय खिलाड़ी 2012 में रोलां गैरा में सेमीफाइनल तक पहुंची थी।

झांग पहले सेट में जब 2-5 से पीछे चल रही थी तब उन्होंने मेडिकल टाइम आउट भी लिया था। क्वितोवा ने इस बीच कोर्ट फिलिप चैटरियर पर सर्द मौसम से बचने के लिये गुलाबी रंग का कोट ओढ़ लिया था।

क्वितोवा अगले दौर में लॉरा सीगमंड से भिड़ेगी। इस गैरवरीयता प्राप्त जर्मन खिलाड़ी ने स्पेन की पॉला बादोसा को 7-5, 6-2 से हराकर पहली बार किसी ग्रैंडस्लैम के अंतिम आठ में जगह बनायी।

पुरुष वर्ग में पांचवीं वरीयता प्राप्त सिटसिपास ने बुल्गारिया के 18वें वरीय ग्रिगोर दिमित्रोव को 6-3, 7-6 (9), 6-2 से हराया। पिछले साल आस्ट्रेलियाई ओपन के सेमीफाइनल तक पहुंचने वाला यह यूनानी खिलाड़ी अंतिम चार में पहुंचने के लिये रूस के 13वें वरीय आंद्रेई रूबलेव से भिड़ेगा।

रूबलेव ने चौथे दौर के एक अन्य मुकाबले में हंगरी के मार्टन फुस्कोविक्स को 6-7 (4), 7-5, 6-4, 7-6 (3) से पराजित किया। उन्होंने चौथे सेट में 4-5 और 0-40 से पिछड़ने के बाद तीन सेट प्वाइंट बचाकर शानदार वापसी की और फिर दूसरे मैच प्वाइंट पर मुकाबला अपने नाम किया।

यूएस ओपन में दो बार क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाले रूबलेव इससे पहले फ्रेंच ओपन में कभी पहले दौर से आगे नहीं बढ़ पाये थे।

इस बीच टूर्नामेंट के अंतिम सप्ताह में भी स्टेडियम में कुछ दर्शक दिखायी देंगे क्योंकि पेरिस पुलिस ने प्रतिदिन 1000 दर्शकों की सीमा को कम नहीं करने का फैसला किया है।

एपी

पंत सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में