लक्ष्य, सिंधू की नजरें थाईलैंड ओपन में व्यक्तिगत प्रदर्शन पर
लक्ष्य, सिंधू की नजरें थाईलैंड ओपन में व्यक्तिगत प्रदर्शन पर
बैंकॉक, 11 मई (भाषा) थॉमस कप में कांस्य पदक जीतने के बाद भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों की नजरें मंगलवार से यहां शुरू हो रहे पांच लाख डॉलर ईनामी राशि के थाईलैंड ओपन में व्यक्तिगत प्रदर्शन पर होगी जिसमें लक्ष्य सेन और पी वी सिंधू भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे ।
सातवीं वरीयता प्राप्त लक्ष्य कोहनी की चोट के कारण डेनमार्क में फ्रांस के खिलाफ सेमीफाइनल नहीं खेल सके थे । वह पहले मैच में सिंगापुर के जैसन तेह जिया हेंग से खेलेंगे जबकि आयुष शेट्टी का सामना जापान के छठी वरीयता प्राप्त विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता कोडाइ नाराओका से होगा ।
महिला एकल में छठी वरीयता प्राप्त सिंधू पहले दौर में चीनी ताइपै की तुंग सियू तोंग से खेलेंगी । मलेशिया में सेमीफाइनल और इंडोनेशिया में क्वार्टर फाइनल तक पहुंची दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधू को खिताब का सूखा खत्म करने के लिये प्रदर्शन में निरंतरता लानी होगी ।
विश्व चैम्पियनशिप के पूर्व रजत पदक विजेता किदाम्बी श्रीकांत पिछले सत्र में मलेशिया मास्टर्स और सैयद मोदी इंटरनेशनल के फाइनल में पहुंचे लेकिन प्रदर्शन में निरंतरता पर उन्हें मेहनत करनी होगी ।
श्रीकांत का सामना आठवीं वरीयता प्राप्त लो कीन यू से होगा ।
तरूण मल्लेपल्ली का सामना जापान के कोकी वातानाबे से होगा । महिला वर्ग में उन्नति हुड्डा चौथी वरीयता प्राप्त पोर्नपावी चोचुवोंग से खेलेगी जबकि देविका सिहाग की टक्कर जापान की नत्सुकी निदाइरा से और तन्वी शर्मा का सामना हिना अकेची से होगा ।
मालविका बंसोड़ पहले दौर में कनाडा की वेन यू झांग से खेलेगी जबकि अनमोल खरब का सामना दूसरी वरीयता प्राप्त और पूर्व ओलंपिक चैम्पियन चेन युफेइ से होगा । ईशारानी बरूआ का सामना एक क्वालीफायर से होगा ।
पुरूष युगल में शीर्ष वरीयता प्राप्त सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी का सामना इंडोनेशिया के मुह पुत्र एर्वियासियाह और बागास मौलाना से होगा । सातवीं वरीयता प्राप्त हरिहरन अम्साकारूनन और एम आर अर्जुन की जोड़ी चीनी ताइपै के चेन झि रे और लिन यू चियेह से खेलेगी ।
महिला युगल में रितुपर्णा पांडा और श्वेतापर्णा पांडा का सामना ताइवान की लिन चिह चुन और यांग चू युन से होगा ।
भाषा मोना सुधीर
सुधीर

Facebook


