मयंक अग्रवाल काउंटी टीम डरहम की ओर से खेलेंगे
मयंक अग्रवाल काउंटी टीम डरहम की ओर से खेलेंगे
डरहम, 31 अगस्त (भाषा) भारतीय बल्लेबाज मयंक अग्रवाल सोमवार को काउंटी चैंपियनशिप के डिविजन-दो के बाकी चार मुकाबलों के लिए डरहम टीम से जुड़ गए।
डरहम क्रिकेट ने अपनी वेबसाइट पर इस जानकारी को साझा करते हुए लिखा कि दाएं हाथ के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज अग्रवाल दो सितंबर से नॉर्थम्पटनशर के खिलाफ होने वाले मुकाबले में डरहम के लिए उपलब्ध रहेंगे। यह मुकाबला काउंटी ग्राउंड पर खेला जाएगा।
डरहम की टीम इस समय काउंटी चैंपियनशिप डिविजन-दो की अंक तालिका में शीर्ष पर है। टीम ने 10 मुकाबलों में सात जीत और तीन ड्रॉ के साथ कुल 191 अंक हासिल किए हैं।
अग्रवाल ने भारत के लिए 21 टेस्ट मैच खेले हैं। उन्होंने 41.33 की औसत से करीब 1,500 रन बनाए हैं, जिसमें चार शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड भी शानदार है। उन्होंने अब तक 124 प्रथम श्रेणी मैचों में 43.98 की औसत से 8,929 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 21 शतक और 48 अर्धशतक निकले हैं।
डरहम के मुख्य कोच रयान कैंपबेल ने कहा कि अग्रवाल के टीम में शामिल होने से दक्षिण अफ्रीका के डेविड बेडिंगहम के जाने से पैदा हुई कमी को पूरा करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘डेविड बेडिंगहम के दक्षिण अफ्रीका के लिए टेस्ट मैच खेलने लौटने के कारण यह जरूरी था कि हम सत्र के बाकी हिस्से के लिए टीम में एक प्रतिभाशाली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर को शामिल करें।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मयंक बेहद प्रतिभाशाली बल्लेबाज हैं और प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड शानदार है। हमें उम्मीद है कि वह डरहम के लिए महत्वपूर्ण योगदान देंगे, क्योंकि हमारा लक्ष्य काउंटी चैंपियनशिप के डिविजन-एक में वापसी सुनिश्चित करना है।”
भाषा
आनन्द सुधीर
सुधीर

Facebook


