मेदवेदेव को बारिश से प्रभावित मुकाबले में हराकर सिनर इटालियन ओपन के फाइनल में, रूड से होगा मुकबाला
मेदवेदेव को बारिश से प्रभावित मुकाबले में हराकर सिनर इटालियन ओपन के फाइनल में, रूड से होगा मुकबाला
रोम, 16 मई (एपी) विश्व नंबर एक यानिक सिनर ने थकान के बावजूद शानदार जुझारूपन दिखाते हुए बारिश से प्रभावित इटालियन ओपन के सेमीफाइनल में रूस के डेनियल मेदवेदेव को 6-2, 5-7, 6-4 से हराकर खिताब की ओर अपना कदम बढ़ा दिया।
इटली के इस खिलाड़ी के सामने अब फाइनल में नॉर्वे के कैस्पर रूड की चुनौती होगी। पुरुष एकल का खिताबी मुकाबला रविवार को खेला जाएगा।
लगातार 28 मैचों में जीत दर्ज करने वाले सिनर इतिहास रचने के बेहद करीब पहुंच गए हैं। वह अगर रोम में खिताब जीत लेते हैं, तो वे नोवाक जोकोविच के बाद दूसरे ऐसे पुरुष खिलाड़ी बन जाएंगे जिन्होंने सभी नौ एटीपी मास्टर्स 1000 खिताब जीते हों।
रोम टूर्नामेंट ही एकमात्र मास्टर्स प्रतियोगिता है, जो अब तक उनके नाम नहीं हुई है।
मैच शुक्रवार को शुरू हुआ था, जहां सिनर ने पहला सेट आसानी से जीत लिया था, लेकिन दूसरे सेट में उनके खेल पर थकान हावी होते दिखा। इस दौरान सिनर को दाहिनी जांघ में चोट के चलते मेडिकल टाइमआउट भी लेना पड़ा था।
मेदवेदेव ने इसका फायदा उठाते हुए वापसी की और सेट 7-5 से अपने नाम किया।
तीसरे सेट में जब सिनर 4-2 से आगे थे, तभी बारिश के कारण मैच रोकना पड़ा।
शनिवार को जब मुकाबला दोबारा शुरू हुआ, तो सिनर ने तेजी से खेल को समाप्त करने की कोशिश की। मेदवेदेव दो मैच प्वाइंट बचाने में सफल रहे, लेकिन सिनर ने तीसरे मैच प्वाइंट को भुनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
सिनर ने फाइनल में अपने प्रतिद्वंद्वी रूड के खिलाफ खेले गए सभी चार मुकाबले जीते हैं और खास बात यह है कि इनमें उन्होंने एक भी सेट नहीं गंवाया है।
महिला वर्ग का फाइनल कोको गॉफ और एलिना स्वितोलिना के बीच खेला जाएगा।
फ्रेंच ओपन से पहले यह आखिरी अभ्यास टूर्नामेंट है।
एपी
आनन्द नमिता
नमिता

Facebook


