मंत्रालय का लाकड़ा के उत्पीड़न, धमकी के आरोपों की जांच के लिये आईओए को समिति बनाने का निर्देश

मंत्रालय का लाकड़ा के उत्पीड़न, धमकी के आरोपों की जांच के लिये आईओए को समिति बनाने का निर्देश

मंत्रालय का लाकड़ा के उत्पीड़न, धमकी के आरोपों की जांच के लिये आईओए को समिति बनाने का निर्देश
Modified Date: July 16, 2026 / 04:37 pm IST
Published Date: July 16, 2026 4:37 pm IST

(परिवर्तित स्लग से)

(मोना पार्थसारथी)

नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) खेल मंत्रालय ने पूर्व हॉकी कप्तान असुंथा लाकड़ा के उत्पीड़न और धमकी के आरोपों की जांच के लिये बृहस्पतिवार को भारतीय ओलंपिक संघ को तटस्थ समिति के गठन का निर्देश दिया चूंकि हॉकी इंडिया अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा था कि हॉकी इंडिया की आंतरिक जांच से निष्पक्षता को लेकर चिंता हो सकती है ।

हॉकी इंडिया के कार्यकारी बोर्ड की सदस्य और चयनकर्ता लाकड़ा ने इससे पहले हॉकी में यौन उत्पीड़न के आरोपियों को बचाने, महिला खिलाड़ियों के साथ दुव्यर्वहार और धमकाने के आरोप लगाते हुए खेल मंत्रालय को पत्र लिखकर तुरंत दखल का अनुरोध किया था ।

उन्होंने हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह पर उन्हें धमकाने का आरोप लगाया था ।

मंत्रालय के एक सूत्र ने भाषा को बताया ,‘‘ खेल मंत्रालय ने भारतीय ओलंपिक संघ को असुंथा लाकड़ा के आरोपों की जांच के लिये तटस्थ , निष्पक्ष और पारदर्शी समिति के गठन के निर्देश दिये हैं । हॉकी इंडिया से इसे लेकर स्पष्टीकरण भी मांगा गया है ।’’

इससे पहले टिर्की ने खेल मंत्रालय से असुंथा लाकड़ा के आरोपों की निष्पक्ष जांच के लिये स्वतंत्र जांच समिति के गठन का अनुरोध किया था चूंकि मामला महासंघ के पदाधिकारी से जुड़ा है ।

टिर्की ने बुधवार को मंत्रालय को लिखे जवाबी ई-मेल में कहा था ,‘‘ हम इन आरोपों को गंभीरता से ले रहे हैं और अपने सभी खिलाड़ियों की सुरक्षा और गरिमा को लेकर प्रतिबद्ध हैं ।’’

उन्होंने कहा था ,‘‘लेकिन चूंकि आरोप हॉकी इंडिया के पदाधिकारियों को लेकर है तो हॉकी इंडिया की आंतरिक शिकायत समिति से जांच कराने में उसकी निष्पक्षता को लेकर आशंकाओं को बल मिल सकता है ।’’

टिर्की ने पत्र में कहा था ,‘‘ मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र जांच के लिये हॉकी इंडिया खेल मंत्रालय से स्वतंत्र जांच समिति के गठन का अनुरोध करता है जिसमें ऐसे लोग हों जिनका हॉकी इंडिया से कोई सरोकार नहीं हो । हॉकी इंडिया समिति को जांच में पूरा सहयोग देगी ।’’

उन्होंने यह जवाब खेल मंत्रालय के उस निर्देश के बाद दिया था जिसमें हॉकी इंडिया को लाकड़ा के आरोपों की जांच उसकी आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) से कराने और उसका नतीजा मंत्रालय के साथ साझा करने को कहा था ।

हॉकी इंडिया अध्यक्ष ने बृहस्पतिवार को महासंघ के कार्यकारी बोर्ड को भी ईमेल के जरिये इसकी जानकारी देते हुए कहा ,‘‘ चूंकि मामले से जुड़े दोनों पक्ष हॉकी इंडिया कार्यकारी बोर्ड के सदस्य है तो महासंघ द्वारा आईसीसी से इसकी जांच कराना उचित नहीं होगा ।’’

उन्होंने आगे लिखा ,‘‘ इसलिये मंत्रालय से मामले की जांच के लिये स्वतंत्र समिति के गठन का अनुरोध किया गया है । हॉकी इंडिया निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र जांच में पूरा सहयोग करेगा ।’’

पत्र में कार्यकारी बोर्ड के सभी सदस्यों से गोपनीयता बरतने और जांच को प्रभावित करने वाले किसी भी कदम या संवाद से बचने का भी अनुरोध किया गया है ।

भाषा

मोना नमिता

नमिता


लेखक के बारे में