टिर्की ने लाकड़ा के आरोपों पर खेल मंत्रालय से स्वतंत्र जांच कराने का अनुरोध किया

टिर्की ने लाकड़ा के आरोपों पर खेल मंत्रालय से स्वतंत्र जांच कराने का अनुरोध किया

टिर्की ने लाकड़ा के आरोपों पर खेल मंत्रालय से स्वतंत्र जांच कराने का अनुरोध किया
Modified Date: July 16, 2026 / 03:46 pm IST
Published Date: July 16, 2026 3:46 pm IST

(मोना पार्थसारथी)

नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) हॉकी इंडिया अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने खेल मंत्रालय से असुंथा लाकड़ा के आरोपों की निष्पक्ष जांच के लिये स्वतंत्र जांच समिति के गठन का अनुरोध किया है चूंकि मामला महासंघ के पदाधिकारी से जुड़ा है ।

टिर्की ने बुधवार को मंत्रालय को लिखे ई-मेल में कहा ,‘‘ हम इन आरोपों को गंभीरता से ले रहे हैं और अपने सभी खिलाड़ियों की सुरक्षा और गरिमा को लेकर प्रतिबद्ध हैं ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘लेकिन चूंकि आरोप हॉकी इंडिया के पदाधिकारियों को लेकर है तो हॉकी इंडिया की आंतरिक शिकायत समिति से जांच कराने में उसकी निष्पक्षता को लेकर आशंकाओं को बल मिल सकता है ।’’

टिर्की ने पत्र में कहा ,‘‘ मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र जांच के लिये हॉकी इंडिया खेल मंत्रालय से स्वतंत्र जांच समिति के गठन का अनुरोध करता है जिसमें ऐसे लोग हों जिनका हॉकी इंडिया से कोई सरोकार नहीं हो ।हॉकी इंडिया समिति को जांच में पूरा सहयोग देगी ।’’

उन्होंने यह जवाब खेल मंत्रालय के उस निर्देश के बाद दिया है जिसमें हॉकी इंडिया को लाकड़ा द्वारा लगाये गए धमकी और उत्पीड़न के आरोपों की जांच उसकी आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) से कराने और उसका नतीजा मंत्रालय के साथ साझा करने को कहा था ।

इससे पहले लाकड़ा ने हॉकी में यौन उत्पीड़न के आरोपियों को बचाने, महिला खिलाड़ियों के साथ दुव्यर्वहार और धमकाने के आरोप लगाते हुए खेल मंत्रालय को पत्र लिखकर तुरंत दखल का अनुरोध किया था । उन्होंने हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह पर उन्हें धमकाने का आरोप लगाया था ।

हॉकी इंडिया अध्यक्ष ने बृहस्पतिवार को महासंघ के कार्यकारी बोर्ड को भी ईमेल के जरिये इसकी जानकारी देते हुए कहा ,‘‘ चूंकि मामले से जुड़े दोनों पक्ष हॉकी इंडिया कार्यकारी बोर्ड के सदस्य है तो महासंघ द्वारा आईसीसी से इसकी जांच कराना उचित नहीं होगा ।’’

उन्होंने आगे लिखा ,‘‘ इसलिये मंत्रालय से मामले की जांच के लिये स्वतंत्र समिति के गठन का अनुरोध किया गया है । हॉकी इंडिया निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र जांच में पूरा सहयोग करेगा ।’’

पत्र में कार्यकारी बोर्ड के सभी सदस्यों से गोपनीयता बरतने और जांच को प्रभावित करने वाले किसी भी कदम या संवाद से बचने का भी अनुरोध किया गया है ।

भाषा

मोना पंत

पंत


लेखक के बारे में