नेशंस कप की जीत से बढ़ा हौसला, विश्व कप फतह का लक्ष्य: सलीमा टेटे

नेशंस कप की जीत से बढ़ा हौसला, विश्व कप फतह का लक्ष्य: सलीमा टेटे

नेशंस कप की जीत से बढ़ा हौसला, विश्व कप फतह का लक्ष्य: सलीमा टेटे
Modified Date: August 11, 2026 / 03:02 pm IST
Published Date: August 11, 2026 3:02 pm IST

नयी दिल्ली, 11 अगस्त (भाषा) एफआईएच नेशंस कप की खिताबी जीत से उत्साहित भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे ने कहा कि विश्व कप 2026 में कठिन पूल में होने के बावजूद टीम का लक्ष्य शीर्ष स्थान हासिल करना और स्वर्ण पदक जीतना है।

भारतीय टीम न्यूजीलैंड में एफआईएच नेशंस कप का खिताब जीतने के बाद पूरे आत्मविश्वास और शानदार लय के साथ विश्व कप में उतरेगी। टेटे का मानना है कि इस जीत से मिला मनोबल टीम को विश्व कप जैसे सबसे बड़े मंच पर भी पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।

विश्व कप का आयोजन 15 से 30 अगस्त तक नीदरलैंड और बेल्जियम की संयुक्त मेजबानी में किया जाएगा।

टेटे ने ‘जियोस्टार’ से कहा, ‘‘इस बार एफआईएच हॉकी विश्व कप हमारा होगा। हम समझदारी के साथ आक्रामक हॉकी खेलेंगे और पदक लेकर लौटेंगे। मुझे अपनी टीम पर पूरा भरोसा है। हमारे पास यह उपलब्धि हासिल करने की पूरी क्षमता है।’’

उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड में आयोजित एफआईएच नेशंस कप की खिताबी जीत ने टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है।

इस 24 साल की खिलाड़ी ने कहा, ‘‘हमने नेशंस कप ट्रॉफी अपने नाम की। अब विश्व कप में भी हमारा लक्ष्य वही है। हमारे लिए हर मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण होगा और हम प्रत्येक मैच को एक जैसी गंभीरता से लेंगे। हमारा संकल्प अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर देश लौटने का है।’’

अपने दूसरे विश्व कप में खेलने जा रहीं टेटे ने कहा कि कठिन पूल में होने के बावजूद टीम हर मैच में जीत के इरादे से उतरेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘विश्व कप में खेलना हर खिलाड़ी का सपना होता है। यह हमारे लिए बहुत बड़ा अवसर है। एफआईएच नेशंस कप और एफआईएच प्रो लीग की तरह यहां भी दुनिया की शीर्ष टीमें चुनौती पेश करेंगी।’’

टेटे ने कहा कि एशियाई खेल भी नजदीक हैं, इसलिए मजबूत टीमों से मुकाबले के लिए तैयार रहना होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘विश्व कप में हमारा पूल चुनौतीपूर्ण है और हम कठिन मुकाबलों के लिए पूरी तैयारी कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य हर मैच में स्पष्ट रणनीति और जीत की मानसिकता के साथ उतरना है।’’

भाषा आनन्द आनन्द पंत

पंत


लेखक के बारे में