न्यूजीलैंड की जोरदार वापसी, फिर भी इंग्लैंड मजबूत स्थिति में
न्यूजीलैंड की जोरदार वापसी, फिर भी इंग्लैंड मजबूत स्थिति में
लंदन, पांच जून (एपी) न्यूजीलैंड ने लॉर्ड्स टेस्ट के दूसरे दिन शुक्रवार को महज 11 गेंदों के भीतर एक रन के अंतराल में चार विकेट झटककर मुकाबले में शानदार वापसी की, लेकिन बल्लेबाजी के लिए मुश्किल पिच पर 193 रन की बढ़त के कारण इंग्लैंड की स्थिति अब भी मजबूत बनी हुई है।
पहली पारी में केवल 140 रन बनाने के बावजूद 27 रन की बढ़त हासिल करने वाले इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी में चाय तक छह विकेट पर 166 रन बना लिए थे।
कम स्कोर वाले इस मुकाबले में चुनौतीपूर्ण पिच पर बल्लेबाजी आसान नहीं रही, लेकिन एक समय इंग्लैंड मजबूत स्थिति में नजर आ रहा था। उस दौरान पदार्पण कर रहे सलामी बल्लेबाज एमिलियो गे 57 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए थे, जबकि उनका साथ इंग्लैंड के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज जो रूट (8) दे रहे थे।
इसके बाद हालांकि मैच का रुख अचानक बदल गया।
नाथन स्मिथ की शानदार गेंद पर गे विकेटकीपर को कैच दे बैठे। पदार्पण मैच में अर्धशतक जमाने वाले गे को पवेलियन लौटते समय दर्शकों ने जोरदार तालियों से सम्मानित किया।
इसके छह गेंद बाद विल ओ’रूर्के ने हैरी ब्रूक को खाता खोले बिना ही पवेलियन भेज दिया। अगले ओवर में स्मिथ ने जो रूट को पगबाधा आउट किया और फिर तीन गेंद बाद कप्तान बेन स्टोक्स (शून्य) का ऑफ स्टंप बिखेर दिया। स्मिथ ने इस स्पेल में 49 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।
इंग्लैंड का स्कोर दो विकेट पर 126 रन से अचानक छह विकेट पर 127 रन हो गया।
इसके बाद जेमी स्मिथ (34 गेंदों पर नाबाद 31 रन) और गस एटकिंसन (नाबाद 7) ने चाय तक टीम को संभाले रखा।
इंग्लैंड ने लंच के बाद एक विकेट पर 72 रन से आगे खेलना शुरू किया। न्यूजीलैंड पहले ही ओवर में विकेट लेने के बेहद करीब पहुंच गया था, लेकिन वह डीआरएस का फायदा नहीं उठा सका। मैट हेनरी की गेंद गे के पैड पर लगी थी, लेकिन न्यूजीलैंड ने डीआरएस का इस्तेमाल नहीं किय। रिप्ले में गेंद लेग स्टंप से टकराती दिखाई दी। उस समय गे 24 रन पर खेल रहे थे।
इसी ओवर में जैकब बेथेल के खिलाफ पगबाधा की अपील पर अंपायर ने उन्हें नॉट आउट दिया। न्यूजीलैंड ने इस बार डीआरएस लिया, लेकिन ‘अंपायर्स कॉल’ के कारण फैसला नहीं बदला।
बेथेल को आठ रन के स्कोर पर डेवोन कॉनवे ने कैच छोड़कर जीवनदान दिया, लेकिन उनकी किस्मत ज्यादा देर तक साथ नहीं रही। मैट हेनरी की नीची रहती गेंद उनके बल्ले के नीचे से निकलकर विकेटों से जा टकराई। बेथेल ने 14 रन बनाए।
दूसरे छोर पर गे ने संघर्ष जारी रखा और 84 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 22 वर्षों में घरेलू मैदान पर पदार्पण टेस्ट में अर्धशतक लगाने वाले इंग्लैंड के पहले सलामी बल्लेबाज बने। उन्होंने 95 गेंदों में आठ चौकों की मदद से 57 रन बनाए।
इससे पहले न्यूजीलैंड ने दिन की शुरुआत छह विकेट पर 61 रन से आगे खेलते हुए की, लेकिन उसकी पूरी टीम पहले घंटे के भीतर 113 रन पर सिमट गई। बृहस्पतिवार को न्यूजीलैंड ने मात्र 29 रन पर छह विकेट गंवा दिए थे, हालांकि अंतिम चार बल्लेबाजों ने 84 रन जोड़कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
इंग्लैंड के बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाजों ने तेज गेंदबाजों के अनुकूल परिस्थितियों में सतर्क शुरुआत की। कम रोशनी के कारण दोपहर बाद मैदान की फ्लडलाइट्स भी जला दी गईं।
बेन डकेट को 12 रन के स्कोर पर मार्को यानसन की गेंद पर रचिन रवींद्र ने कैच छोड़कर जीवनदान दिया, लेकिन वह 33 रन बनाकर विल ओ’रूर्के की गेंद पर आउट हो गए। डकेट और पदार्पण कर रहे गे ने पहले विकेट के लिए 52 रन जोड़े।
दिन की शुरुआत में जॉश टंग और ओली रॉबिन्सन ने इंग्लैंड के लिए शानदार गेंदबाजी की। रॉबिन्सन ने पांच विकेट लेकर न्यूजीलैंड की पारी समेटी, जबकि टंग ने तीन विकेट झटके। गस एटकिंसन को दो सफलताएं मिलीं।
टंग ने पिछले दिन के नाबाद बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स (34) और नाथन स्मिथ (15) को आउट किया, लेकिन काइल जैमीसन ने 29 गेंदों पर नाबाद 38 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर न्यूजीलैंड का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया।
एपी
आनन्द
आनन्द

Facebook


