पाकिस्तान ने श्रीलंका पर 107 रन की बढ़त बनाई
पाकिस्तान ने श्रीलंका पर 107 रन की बढ़त बनाई
कोलंबो, 26 जुलाई (एपी) अब्दुल्ला शफीक के शतक से पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे क्रिकेट के तीसरे दिन बुधवार को यहां लंच तक दबदबा बनाते हुए पहली पारी में तीन विकेट पर 273 रन के स्कोर के साथ 107 रन की बढ़त हासिल की।
दूसरे दिन बारिश और मैदान गीला होने के कारण सिर्फ 9.5 ओवर का खेल हो पाया था।
तीसरे दिन सुबह के सत्र में शफीक ने अपना चौथा टेस्ट शतक पूरा किया। लंच के समय वह 137 रन बनाकर खेल रहे थे।
शफीक को मैच के पहले दिन 42 रन के निजी स्कोर पर जीवनदान मिला था जब प्रबाथ जयसूर्या ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच टपका दिया था। उन्होंने अब तक अपनी पारी में 219 गेंद का सामना करते हुए 12 चौके और तीन छक्के मारे हैं।
शफीक ने कप्तान बाबर आजम (39) के साथ तीसरे विकेट के लिए 89 रन जोड़कर सुबह के सत्र में पाकिस्तान को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
जयसूर्या ने बाबर को पगबाधा करके इस साझेदारी को तोड़ा। बाबर ने डीआरएस का भी सहारा लिया लेकिन फैसला गेंदबाज के पक्ष में आया।
शफीक को इसके बाद सऊद शकील के रूप में उम्दा जोड़ीदार मिला। दोनों चौथे विकेट के लिए 63 रन जोड़ चुके हैं। लंच के समय शकील 32 रन बनाकर शफीक का साथ निभा रहे थे।
श्रीलंका की टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहले दिन सिर्फ 166 रन पर सिमट गई थी।
एपी सुधीर मोना
मोना

Facebook


