पाकिस्तान एसीटी हॉकी के लिए भारत नहीं भेजेगा टीम, मैच तटस्थ स्थल पर कराने का अनुरोध

पाकिस्तान एसीटी हॉकी के लिए भारत नहीं भेजेगा टीम, मैच तटस्थ स्थल पर कराने का अनुरोध

पाकिस्तान एसीटी हॉकी के लिए भारत नहीं भेजेगा टीम, मैच तटस्थ स्थल पर कराने का अनुरोध
Modified Date: September 16, 2026 / 09:10 pm IST
Published Date: September 16, 2026 9:10 pm IST

लाहौर, 16 सितंबर (भाषा) पाकिस्तान ने भारत के साथ ‘संवेदनशील द्विपक्षीय स्थिति’ का हवाला देते हुए बुधवार को एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी) के लिए अपनी पुरुष राष्ट्रीय हॉकी टीम को मेजबान देश भेजने से इनकार कर दिया और एशियाई हॉकी महासंघ (एएचएफ) से टूर्नामेंट या उसके सभी मुकाबलों को तटस्थ स्थल पर स्थानांतरित करने का अनुरोध किया।

पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) ने कहा कि वह पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान की निर्बाध और पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तटस्थ स्थल चाहता है।

पीएचएफ के अंतरिम अध्यक्ष मोहिउद्दीन अहमद वानी ने एक बयान में कहा कि उन्होंने पूरे टूर्नामेंट या पाकिस्तान के सभी मुकाबलों को तटस्थ स्थल पर स्थानांतरित करने का अनुरोध किया है।

वानी ने बयान में कहा, ‘‘यह फैसला पाकिस्तान और भारत के बीच मौजूदा संवेदनशील द्विपक्षीय स्थिति तथा मौजूदा सुरक्षा परिस्थितियों को देखते हुए लिया गया है। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए सुरक्षित, गरिमापूर्ण और अनुकूल माहौल सुनिश्चित करना है।’’

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी और वैश्विक स्तर पर हॉकी को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

वानी ने कहा, ‘‘हम मैदान पर भारत के साथ-साथ एफआईएच के सभी सदस्य देशों का सामना करने के लिए तैयार हैं और खेल को राजनीति से मुक्त रखने के सिद्धांत के प्रति प्रतिबद्ध हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमें पूरी उम्मीद है कि एशियाई हॉकी महासंघ टूर्नामेंट में पाकिस्तान की निर्बाध और पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तटस्थ स्थल के हमारे गरिमापूर्ण प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करेगा।’’

यह घटनाक्रम पीएचएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा पीटीआई को यह बताए जाने के कुछ ही घंटे बाद हुआ कि सरकार ने राष्ट्रीय टीम के भारत दौरे को मंजूरी नहीं दी है। यह बात भारत के पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के दावे के विपरीत है।

मान ने हॉकी इंडिया के सचिव भोला नाथ सिंह के साथ एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान की भागीदारी की पुष्टि की थी। उन्होंने जोर देकर कहा था कि भारत की खेल नीति पाकिस्तान को देश में होने वाले बहुराष्ट्रीय खेल टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की अनुमति देती है।

पाकिस्तान ने सुरक्षा स्थिति को लेकर चिंता जताते हुए पिछले साल तमिलनाडु में आयोजित एफआईएच जूनियर विश्व कप और एशिया कप से भी अपना नाम वापस ले लिया था।

क्षेत्र के इस प्रमुख टूर्नामेंट भारत, पाकिस्तान, मलेशिया, चीन, जापान और कोरिया की टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट 27 अक्टूबर से पांच नवंबर तक मोहाली और जालंधर में आयोजित किया जाएगा।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में