बांग्लादेश के खिलाफ मीरपुर टेस्ट में धीमी ओवर गति के लिए पाकिस्तान के डब्ल्यूटीसी अंक कटे

Ads

बांग्लादेश के खिलाफ मीरपुर टेस्ट में धीमी ओवर गति के लिए पाकिस्तान के डब्ल्यूटीसी अंक कटे

  •  
  • Publish Date - May 15, 2026 / 03:55 PM IST,
    Updated On - May 15, 2026 / 03:55 PM IST

मीरपुर (बांग्लादेश), 15 मई (भाषा) पाकिस्तान के खिलाड़ियों पर बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में मिली हार के दौरान धीमी ओवर गति बनाए रखने के लिए मौजूदा आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के 2025-27 चक्र में मैच फीस का 40 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और उसकी टीम के आठ अंक काट दिए गऐ हैं।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अनुसार पाकिस्तान ने इस मैच में निर्धारित समय सीमा में आठ ओवर कम किए थे। इस तरह से पाकिस्तान अब अंक तालिका में चार अंकों के साथ आठवें स्थान पर है। वेस्टइंडीज उससे निचले पायदान पर है।

आईसीसी में बयान में कहा, ‘‘आईसीसी की न्यूनतम ओवरों के लिए आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत निर्धारित समय में पूरे नहीं किए गए ओवर में से प्रत्येक ओवर के लिए खिलाड़ियों पर उनकी मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है।’’

विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के खेल नियमों के अनुच्छेद 16.11.2 के अनुसार, प्रत्येक ओवर कम होने पर टीमों का एक चैम्पियनशिप अंक कट जाता है जिस कारण पाकिस्तान को डब्ल्यूटीसी रैंकिंग में आठ महत्वपूर्ण अंक गंवाने पड़े।

पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद ने इस जुर्माने को स्वीकार कर लिया और प्रस्तावित सजा को मान लिया जिससे औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।

भाषा

पंत नमिता

नमिता